काई पो छे: बिग बी ने दी मकर संक्रांति की शुभकामनाएं, बनाया ये प्लान
अमिताभ बच्चन यानि छोरा गंगा किनारे वाला। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद से ताल्लुक रखने वाले बच्चन साहब गाह बगाहे ये साबित कर ही देते हैं कि उत्तर भारत की सभ्यताएं और परंपराएं आज भी उनके मन में किसी ताज़ा याद की तरह महकती है। 14 जनवरी को उत्तर भारत, गुजरात, मध्य प्रदेश सहित कई राज्य मकर संक्रांति मनाते हैं और जिसे यहां खिचड़ी भी कहा जाता है। और खिचड़ी मतलब तिल के लड्डू, उड़द की खिचड़ी और पतंग।
तो बिग बी ने अपने सभी फैन्स को मकर संक्रांति की बधाइयां दी। लेकिन संक्रांति पर पतंग नहीं उड़ाई तो फिर कैसे संक्रांति मनाई। तो बस बुधवार सुबह को अहमदाबाद की नजरें आसमां पर टिक जाएंगी। अब भई अमिताभ बच्चन की पतंग देखनी है तो करना ही पड़ेगा ऐसा!
जी हां, शमिताभ की टीम अमिताभ बच्चन, धनुष व अक्षरा हसन मकर संक्रांति पर बुधवार को अहमदाबाद में होंगे। और गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के साथ पतंगबाजी का लुत्फ उठाएंगे।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन स्टारर शमिताभ 6 फरवरी को सिनेमा घरों में प्रदर्शित होगी। और फिल्म की टीम ने प्रमोशन का ये उम्दा तरीका ढूंढा। लोग बिग बी और धनुष के बीच पतंगबाज़ी की अनोखी जुगलबंदी का आनंद उठा सकेंगे। अब देखिए किसका मांझा तेज़ है और किसकी नरम, किसकी पतंग उड़ेगी और किसकी कटेगी, कौन कहेगा वो काटा और कौन चीखेगा काई पो छे!


Click it and Unblock the Notifications
