'हाईवे' में काम करना आसान नहीं था: आलिया
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट कहती हैं कि उनकी आने वाली फिल्म 'हाईवे' उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रही। फिल्म में उनका किरदार एक सीधी-सादी लड़की का है। पिछले साल आई फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में एक बेहद मॉडर्न लड़की की भूमिका से आलिया ने अपनी फिल्मी पारी की शुरुआत की थी।
निर्देशक इम्तियाज अली और निर्माता साजिद नाडियाडवाला की फिल्म 'हाईवे' स्वभाव से बिल्कुल विपरीत दो युवाओं की कहानी है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम में आलिया ने पत्रकारों के साथ बात-चीत में कहा, "मैं कुछ चुनौतीपूर्ण, कुछ अलग भूमिका करना चाहती थी और यह मौका मुझे मेरी दूसरी ही फिल्म में मिल गया।"
आलिया ने फिल्म में एक कश्मीरी लड़की की भूमिका निभाई है। फिल्म की शूटिंग हाल ही में पूरी हुई है।आलिया ने बताया, "फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है और अब संपादन का काम शुरू होने वाला है।"
गौरतलब है कि रॉकस्टार जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले इम्तियाज अली एक बार फिर से फिल्म हाइवे को लेकर चर्चित हैं। फिल्म कई शहरों के हाइवे की कहानी कहती हैं जिसमें पहली बार कमसिन आलिया भट्ट और मर्डर फेम रणदीप हुड्डा लीड रोल में हैं।
उम्र के भारी अंतर वाले इस जोड़े के लिए कुछ लोगों ने मिस-मैच शब्द प्रयोग किया था, जिसकी वजह से इम्तियाज अली को थोड़ी सी चिंता हो सकती है क्योंकि हो सकता है कि दर्शकों को यह बेमेल जोड़ी रास ना आये। फिल्म में कई शहर आपको देखने को मिलेंगे। फिल्म में संगीत ए आर रहमान का है।


Click it and Unblock the Notifications












