वीरू, जय से नहीं गब्बर से प्रभावित हैं खिलाड़ी अक्षय कुमार
मुंबई। हाल ही में रिलीज हुई अपनी फिल्म 'स्पेशल 26' की सफलता से उत्साहित खिलाड़ी अक्षय कुमार का कहना है कि अब वह हीरो नहीं बल्कि विलेन का किरदार करना चाहते हैं। अक्षय का कहना है कि भले ही फिल्म के आखिरी सीन में हीरो, विलेन पर भारी पड़ता है लेकिन एक अच्छी तभी बनती है जब विलेन का रोल मजबूत होता है। अक्षय ने बताया कि उन्होने शोले फिल्म देखी है और उन्हें अमिताभ बच्चन या धर्मेंद्र के डायलॉग याद नहीं हैं जितना कि गब्बर सिंह के डॉयलॉग याद हैं।
अक्षय की पिछली फिल्म 'ओ माई गॉड' भी बॉक्स आफिस पर सफल रही थी। उनका कहना है कि अब आफबीट फिल्में अच्छा व्यवसाय कर रही हैं, यह हमारे लिए एक खुशी की बात है कि अब इन फिल्मों का दायरा बढ़ रहा है। मैं खुश हूं कि मेरी इन दो फिल्मों की सफलता का क्रेडिट सिर्फ मुझे नहीं बल्कि पूरी टीम को मिल रहा है।( देखें- अक्षय कुमार और करीना कपूर की आकर्षक तस्वीरें)
अपनी आगे की योजनाओं के बारे में अक्षय ने बताया कि मैं अब कुछ अलग हटकर फिल्में करना चाहता हूं। आज अपने फैंस के प्यार की बदौलत मै उस मुकाम पर हूं कि मैं कुछ अलग कर सकता हूं और कुछ नया करने का जोखिम ले सकता हूं। अक्षय का कहना है कि अगर मुझे किसी फिल्म में विलेन का किरदार करने को मिलता है तो मैं जरूर करूंगा मैं एक कलाकार हूं और हर तरह की फिल्में करना चाहता हूं। एक कलाकार होने का यह मतलब नहीं होता कि मैं हमेशा हीरो की भूमिका ही करूं।
अपनी फिल्मों को लगातार मिल रही कामयाबी के बारे में अक्षय का कहना है कि 'मुझे ऊपर वाले ने इतना कुछ दिया है जिसकी कल्पना मैंने और मेरे परिवार ने कभी नहीं की थी' और अब मैं कुछ अलग करना चाहुंगा।


Click it and Unblock the Notifications
