अक्षय को गॉडफादर मानते हैं साजिद-फरहद
अभी तक फिल्मों की कहानी लिखने में महारत हासिल कर चुके साजिद-फरहद की जोड़ी 'इट्स एंटरटेनमेंट' फिल्म के जरिए निर्देशन में कदम रखेगी। उन्होंने न सिर्फ निर्देशन के लिए प्रोत्साहित किए जाने, बल्कि इसका हिस्सा बनने के लिए अभिनेता अक्षय कुमार के प्रति कृतज्ञता जाहिर की है। साजिद ने आईएएनएस से कहा कि अक्षय कुमार ही उनके गॉडफादर हैं।
साजिद ने कहा "मैं यह कहना चाहूंगा कि अक्षय हमारे गॉडफादर हैं। वह ऐसी शख्सियत है जिन्होंने हमें निर्देशन के लिए प्रोत्साहित किया। हम इस बात से खुश हैं कि पहली फिल्म में हम अक्षय को निर्देशित करेंगे।"साजिद के अनुसार, इसकी शूटिंग जुलाई में शुरू होगी और सितंबर के अंत तक यह बैंकाक में शूट होगा। इन दो महीने में फिल्म का बड़ा हिस्सा शूट होगा।
'गोलमाल' श्रंखला की फिल्म और 'बोल बच्चन' के संवाद लिखने वाली इस जोड़ी ने 'इट्स एंटरटेनमेंट' में तमन्ना को मुख्य नायिका के रूप में चुना है। फिल्म के शीर्षक पर फरहद ने कहा, "यह एक पूरी मनोरंजक फिल्म होगी। यह एक व्यावसायिक फिल्म है। हमें उम्मीद है कि दर्शक हम दोनों निर्देशकों को स्वीकारेंगे।"फिल्म के कलाकारों में प्रकाश राज, सोनू सूद और मिथुन चक्रवर्ती भी शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications












