मिलिए 'पीपली लाइव' के 'नाथा' से
मुंबई। 'पीपली लाइव' शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है। फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपनी लागत से अधिक कमाई कर ली है। वैसे ये एक छोटे बजट की फिल्म है लेकिन विषय और अभिनय की नजर से यह एक विशेष फिल्म है। इस फिल्म का मुख्य आकर्षण आमिर खान है जो फिल्म में बतौर प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। इस फिल्म की खासियत इसका गंभीर विषय और चोकशैली का निर्माण है। इस फिल्म के लगभग सभी कलाकार नये हैं फिर भी दर्शकों को इस फिल्म पर इतना भरोसा है कि इस फिल्म के अधिकांश टिकट रिलीज से पहले ही बिक चुके हैं।
पीपली लाइव की नाथा की बीवी का इंटरव्यू
फिल्म में मुख्य किरदार 'नत्था' की भूमिका निभा रहे ओंकार छत्तीसगढ़ के थियेटर कलाकार हैं। यह रोल पहले आमिर करने वाले थे लेकिन बाद में इस फिल्म के लिए चुने गये ओंकार। ओंकार के लिए ये फिल्म किसी सपने जैसी है। छत्तीसगढ़ के एक थियेटर समूह के कलाकार ओंकार कहते हैं, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कभी फिल्म में काम करूंगा और न ही मैंने फिल्मों में काम करने की योजना बनाई थी। अब तक मुझे ऐसा लग रहा है कि मैं सपनों की किसी दुनिया में हूं।"
फिल्म के सेट पर अपने पहले दिन को याद करते हुए ओंकार कहते हैं, "मैं पहले दिन थोड़ा घबराया हुआ था। वहां एक बड़ा सा कैमरा था, लोग प्रकाश व्यवस्था कर रहे थे, निर्देशक शांत रहने के लिए कह रही थीं।" उन्होंने बताया, "मैं सेटअप देखकर डर गया था। मुझे नहीं पता था कि मैं अभिनय कर सकूंगा या नहीं, तब अनुशा जी ने मुझसे कहा कि मंच पर और कैमरे के सामने अभिनय करने में फर्क हो सकता है लेकिन यह फर्क बहुत ज्यादा नहीं होता है। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं वैसे ही काम करूं जैसे मंच पर करता था लेकिन अगले दिन मैं कैमरे के सामने सहज था।"
दीपिका ओंकार की पसंदीदा अभिनेत्री हैं। अपनी पसंदीदा अभिनेत्री दीपिका पादुकोण से मुलाकात करने के बाद ओंकार दास माणिकपुरी को लगता है कि वह सपनों की दुनिया में हैं। वह कहते हैं, "अब मैं दीपिका के साथ काम करना चाहता हूं। जब उनकी फिल्म 'ओम शांति ओम' टीवी पर आ रही थी तो मैंने उसके कुछ अंश देखे थे। मैंने पूरी फिल्म नहीं देखी है क्योंकि रिहर्सल्स के चलते इतना समय नहीं होता था। हाल ही में मैंने उन्हें 'लफंगे परिंदे' के एक गीत में देखा और मुझे यह गीत पसंद आया। आमिर ने मुझे दीपिका से मिलवाया था। मैं बहुत खुश हूं।"
पीपली लाइव की गैलरी
ओंकार ने अपने एक विशेष साक्षात्कार में कहा, "मैं फिल्मोद्योग में और खासतौर पर आमिर खान के साथ और काम करना चाहता हूं। आमिर का दिल बहुत बड़ा है। वह जमीनी व्यक्ति हैं और बहुत अच्छी तरह बात करते हैं। उन्होंने मुझे कभी भी यह महसूस नहीं होने दिया कि मैं एक बहुत बड़े अभिनेता, निर्देशक और निर्माता के साथ हूं।" ओंकार कहते हैं, "वैसे फिल्म की पूरी कहानी कल्पना आधारित है लेकिन मध्य भारत के ग्रामीण इलाकों में इस तरह की घटनाएं होती हैं।"


Click it and Unblock the Notifications











