Tiger 24 OTT Release: आदमखोर बाघ की कहानी जल्द आएगी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर

Tiger 24 OTT Release: ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर जल्द ही वॉरेन परेरा द्वारा निर्देशित डॉक्युमेंट्री फीचर 'टाइगर 24' ओटीटी पर आने के लिए तैयार है। इस डॉक्युमेंट्री फिल्म में एक आदमखोर बाघ की कहानी दिखायी गयी है, फैंस को इसका बेसब्री से इंतजार है।
बता दे कि, अनिल थडानी की कम्पनी एए फिल्म्स ने इसे भारत में वितरित किया है। 'टाइगर 24' प्राइम वीडियो पर 31 मार्च से उपलब्ध रहेगी। हालांकि, अभी इसे रेंटल प्लान के तहत स्ट्रीम किया जा रहा है।
खास बात यह है कि, ये फिल्म नॉर्थ अमेरिका के सिनेमाघरों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है। भारत में सबसे पहले 8 जनवरी, 2023 को जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गयी थी और उसके तुरंत बाद मुंबई के सिनेमाघरों में यह डॉक्युमेंट्री फीचर फिल्म रिलीज हो चुकी है।
इस डॉक्यूमेंट्री की बात करें तो 'टाइगर 24', एक ऐसे बाघ की कहानी है, जो अपने इलाके में प्रवेश करने वाले इंसानों पर हमला करता है और मार डालता है। इसे बाद में आदमखोर घोषित कर दिया जाता है और चिड़ियाघर में बंद कर दिया जाता है। बाघ के आतंक के खिलाफ लोग बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरते हैं।
'टाइगर 24' ने 2022 वाइल्डस्क्रीन फेस्टिवल में पांडा अवॉर्ड जीता था। 2022 जैक्सन वाइल्ड मीडिया अवॉर्ड्स में फाइनलिस्ट भी रह चुकी है। ये फीचर फिल्म साल 2022 बरबैंक इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ डॉक्युमेंट्री में से एक साबित हुई।
इस साल ऑस्कर अवॉर्ड्स में दो भारतीय डॉक्युमेंट्री 'ऑल दैट ब्रीद्स' और 'द एलिफैंट व्हिस्परर्स' नॉमिनेट हुई थीं। 'द एलिफैंट व्हिस्परर्स' को बेस्ट डॉक्युमेंट्री शॉर्ट कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड मिला। यह डॉक्युमेंट्री नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। वहीं, 'ऑल दैट ब्रीद्स' डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications
