झूठ, लग्जरी और एक लाश... मिस्ट्री से भरपूर है The Art of Sarah, ट्रेलर देख K-Drama फैंस के खड़े हुए रोंगटे!
The Art of Sarah K-drama Release Date: क्राइम और सस्पेंस पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अब एक खुशखबरी है। जल्द ही उनके लिए The Art of Sarah एक जबरदस्त नई कोरियन वेब सीरीज बनने जा रही है। यह एक थ्रिलर ड्रामा है, जिसमें मशहूर एक्ट्रेस शिन ह्ये-सन लीड रोल में नजर आएंगी। दमदार कहानी, गहरी सस्पेंस और शानदार एक्टिंग की वजह से यह सीरीज पहले से ही सुर्खियों में है। यह ड्रामा 13 फरवरी 2026 से Netflix पर स्ट्रीम होगा।

नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज का ट्रेलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए लिखा कि यह कहानी एक ऐसी महिला की है, जिसने झूठ के सहारे एक आलीशान जिंदगी बनाई। लेकिन जब सियोल में एक लाश मिलती है, तो एक जिद्दी पुलिस अफसर उसके झूठ की परतें खोलना शुरू कर देता है।
क्या है The Art of Sarah की कहानी?
इस ड्रामा की कहानी सारा किम नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है। सारा अमीर लोगों को धोखा देने के लिए खुद को एक लग्जरी लाइफस्टाइल और बड़े ब्रांड की मालकिन बताती है। वह झूठी पहचान के सहारे सियोल की हाई-सोसायटी में अपनी जगह बना लेती है।
लेकिन उसकी बनाई हुई यह नकली दुनिया उस वक्त टूटने लगती है, जब एक लाश मिलती है, जिसे गलती से सारा की लाश समझ लिया जाता है। इसके बाद एक डिटेक्टिव उसकी फर्जी पहचान, झूठी जिंदगी और उसकी कामयाबी के पीछे छिपे काले सच को सामने लाने लगता है। यह सीरीज एंबीशन, धोखे और झूठ पर खड़ी जिंदगी के बिखरने की कहानी दिखाती है।
स्टारकास्ट और टीम
सीरीज में शिन ह्ये-सन सारा किम के रोल में नजर आएंगी, जबकि ली जून-ह्युक डिटेक्टिव पार्क मू-ग्योंग का रोल निभा रहे हैं। इसके अलावा शिन ह्यून-संग, जंग दा-बिन, और किम जे-वोन भी अहम रोल में दिखाई देंगे।
इस ड्रामा का डायरेक्शन किम जिन-मिन ने किया है और कहानी चू सॉन्ग-योन ने लिखी है। म्यूजिक ह्वांग सांग-जुन ने दिया है, सिनेमैटोग्राफी जू सॉन्ग-रिम ने संभाली है और इसका निर्माण SLL के बैनर तले किया गया है।
कुल मिलाकर, The Art of Sarah एक ऐसा के-ड्रामा है, जो सस्पेंस, क्राइम और साइकोलॉजिकल थ्रिल पसंद करने वालों को जरूर पसंद आने वाला है।


Click it and Unblock the Notifications











