Jubilee: विक्रमादित्य मोटवानी की वेब सीरीज 'जुबली', प्राइम वीडियो ने रिलीज डेट के साथ किया ऐलान

Vikramaditya Motwane's Jubilee: प्राइम वीडियो ने आगामी अमेजन ओरिजिनल सीरीज़, 'जुबली' के ग्लोबल प्रीमियर की घोषणा की है। 10-एपिसोड का यह फिक्शनल ड्रामा विक्रमादित्य मोटवानी द्वारा निर्देशित है, जिसे सौमिक सेन ने मोटवानी के साथ बनाया है। जबकि अतुल सभरवाल द्वारा पटकथा और संवाद लिखे गए हैं।
सीरीज में प्रसेनजीत चटर्जी, अदिति राव हैदरी, अपारशक्ति खुराना, वामिका गब्बी, सिद्धांत गुप्ता, नंदीश संधू और राम कपूर जैसे कलाकारों की टोली है। भारत और फिल्मों दोनों के विकास के समानांतर 'जुबली' उन कहानियों और सपनों का खुलासा करती है, जिन्होंने हिंदी फिल्म उद्योग को जन्म दिया है।
भारतीय सिनेमा के स्वर्ण युग की बैकग्राउंड पर सेट, ये सीरीज एक रोमांचकारी कहानी है, जहां किरदार अपने सपनों, जुनून, महत्वाकांक्षा और प्यार को पाने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं। भारत और 240 देशों और क्षेत्रों में प्राइम मेंबर्स 7 अप्रैल को भाग एक (एपिसोड एक से पांच) को स्ट्रीम कर सकते हैं, जबकि भाग 2 (एपिसोड छह से दस) अगले सप्ताह 14 अप्रैल को जारी किया जाएगा।
निर्माता और निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी ने कहा, "जुबली एक प्रेम कहानी है, जो मेरे ज़हन में हमेशा रही है । जब मैं फिल्मों में बतौर एक सहायक निर्देशक था तब वैसे कहने के लिए कोई कहानी नहीं थी मगर मुझे यह कहानी बनानी है, यह तय था। सीरीज का मूल सिनेमा के प्रसिद्ध दौर में है । 'जुबली' की कहानी हर इंसान के बारे मे कुछ बोलती है। और यही बात है जिसने मुझे पहली बार में कहानी की ओर आकर्षित किया। हमने अपने युग के अनुरूप बने रहने के लिए सीरीज के प्रत्येक पहलू पर बहुत मेहनत की है। यह एक शानदार स्टूडियो के समर्थन से किया गया। यह सफर काफी शानदार रहा, जिसमें कुछ सबसे अद्भुत अभिनेता और अब तक की सर्वश्रेष्ठ टीम रही है। इस सीरीज को बनाते हुए हमे काफी मजा आया और हम अभी बहुत उत्सुक है की दुनिया हमारा काम देखें!"


Click it and Unblock the Notifications











