कॉफी विद करण सीज़न 7 एपिसोड 5: करीना कपूर खान - आमिर खान ने दिया सबसे बोरिंग कॉफी एपिसोड
करण जौहर का शो कॉफी विद करण अब एक चैट शो से ज़्यादा महज़ एक फिल्म प्रमोशन सेट बन चुका है और इस बात की पुष्टि कर दी कॉफी विद करण के नए एपिसोड ने। आखिरकार, लाल सिंह चड्ढा की रिलीज़ से पहले, आमिर खान और करीना कपूर खान, करण जौहर के इस शो पर अपनी फिल्म प्रमोट करने पहुंचे।
इस दौरान, करीना और आमिर खान ज़्यादातर अपनी फिल्म के बारे में ही बात करते दिखे। दोनों ने ही अपनी निजी ज़िंदगी के बारे में ना ही ज़्यादा बात की और ना ही ऐसी कोई मस्ती की जिसके लिए कॉफी विद करण जाना जाता है।

एक तरह से देखा जाए तो पहली बार ये दो सुपरस्टार्स सीरियस होकर अपनी फिल्मों के बारे में, अपने काम के बारे में और अपनी आने वाली फिल्म के बारे में ही बात करते दिखे। हां, गाहे बगाहे दोनों ने अपनी निजी ज़िंदगी के कुछ पन्ने पलटे।
वहीं करीना और आमिर दोनों कई जगह शायद, क्लू के साथ या फिर बिना क्लू के ज़बरदस्ती के बातों पर ठहाके लगाते दिखे। करण जौहर भी उन्हें होस्ट करते हुए कुछ असहज दिखाई दिए। उन्होंने करीना की टांग खींचते हुए बताया कि वो लगभग बोर करने वाली लिस्ट में आ चुकी हैं। वहीं करण जौहर ने आमिर खान को भी बेहद बोरिंग इंसान बताया। देखिए इस शो के दौरान, इन दो स्टार्स ने क्या क्या बातें कीं।

बोरिंग हो चुकी हैं करीना कपूर खान
करण जौहर ने करीना कपूर खान और आमिर खान दोनों को ही बोरिंग बताया। करण ने करीना से इसका कारण पूछा तो करीना का कहना था कि वो बस ज़िंदगी के एक नए पड़ाव पर हैं। दो बच्चे संभाल रही हैं और उनके अंदर एक अलग तरह की शांति आ चुकी है। करीना ने चुटकी लेते हुए कहा, वो कॉफी विद करण पर उम्र के लगभग हर पड़ाव में आई हैं। इस पर करण ने गलती से कहा हां, अपने एक्स पति के साथ भी जिसे सुनकर करीना चौंक गईं। बाद में करण ने खुद को ठीक करते हुए बताया कि करीना शो पर अपने पति के साथ, अपने एक्स बॉयफ्रेंड (शाहिद कपूर) के साथ और अलग अलग दौर में साथी हीरोइनों (पहले रानी मुखर्जी, फिर सोनम कपूर और अंत में प्रियंका चोपड़ा) के साथ आ चुकी हैं। करण का कहना था कि उस समय उनमें एक जोश दिखता था, इस पर करीना का कहना था कि वो सब बीती बातें हो चुकी हैं अब मैं काफी बदल चुकी हूं।

करीना और सारा - इब्राहिम का रिश्ता
अपनी बातचीत के दौरान करीना कपूर खान ने बताया कि सैफ अली खान के बच्चों के साथ एक अच्छा रिश्ता बनाने में ना उन्हें मुश्किल हुई और ना ही मुश्किल की कोई गुंजाइश थी। करीना ने बताया कि सारा अली खान तो हमेशा से ही उनके किरदार पू की बड़ी फैन थीं। कभी खुशी कभी ग़म की स्क्रीनिंग के बाद छोटी सी सारा अपनी मां अमृता सिंह के साथ करीना के पास आई थीं और अमृता ने बताया था कि सारा को प्लीज़ एक ऑटोग्राफ देना, वो आपकी बहुत बड़ी फैन हैं। वहीं इब्राहिम के साथ भी उनकी ईक्वेशन काफी अच्छी है।

कितने बोरिंग हैं आमिर खान
आमिर खान के बारे में बात करते हुए करण जौहर ने बताया कि आमिर खान कितने ज़्यादा बोरिंग हैं। वो एक पार्टी में आते नहीं हैं कि उन्हें उस पार्टी से निकलना होता है। करीना आमिर को समझाती दिखीं कि बॉलीवुड पार्टियां केवल शॉट वगैरह लेने के लिए होती हैं। आमिर ने ये भी पूछा कि इन पार्टियों में गाना बजता है पर कोई डांस नहीं करता है। इस पर करीना कपूर खान ने समझाया कि डांस तब शुरू होता है जब आप पार्टी से जा चुके होते हैं।

क्या होता है Thirst Trap
शो के दौरान, आमिर खान ज़्यादातर सोशल मीडिया ट्रेंड्स के बारे में पता करते हुए दिखाई दिए। कभी वो करीना से तो कभी करण से इस बारे में पूछते हुए दिखाई दिए। thirst trap सुनकर उन्होंने पूछा ये क्या होता है तो करण जौहर ने समझाया कि सेक्सी तस्वीरों को आजकल यही बोलते हैं। इस दौरान, आमिर खान करण जौहर की टांग खींचते भी दिखे। आमिर ने करण जौहर से पूछा जब तुम लोगों के कपड़े उतारते हो, उनकी सेक्स लाइफ के बारे में पूछते हो तब तुम्हारी मां को शो के बारे में खराब नहीं लगता है। करण जौहर करीना को समझा रहे थे कि उनकी सेक्स लाइफ के बारे में बात ना करें क्योंकि उनकी मां ये शो देख रही होंगी।

रणवीर का न्यूड फोटोशूट
रणवीर सिंह के न्यूड फोटोशूट के बारे में जब करण जौहर ने आमिर खान से पूछा तो आमिर का कहना था कि ये काफी बोल्ड कदम था। रणवीर के पास अच्छी बॉडी है। इससे ज़्यादा आमिर खान, इस बारे में कुछ भी बोलने से बचते हुए दिखाई दिए। वहीं करीना ने बताया कि रणवीर सिंह का इंस्टाग्राम वो अक्सर Stalk करती रहती हैं।

टेंशन में हैं आमिर
करण जौहर ने आमिर खान से पूछा कि अपनी फिल्म की रिलीज़ के पहले क्या वो टेंशन में हैं तो आमिर खान ने बताया कि बहुत ही ज़्यादा। इस पर करीना ने उनका झूठ सबके सामने लाते हुए कहा, ये बिल्कुल झूठ है। आमिर इस फिल्म को लेकर विश्वास से भरे हुए हैं। इस पर आमिर ने करीना को समझाया कि नहीं वो वाकई टेंशन में हैं।

आमिर के कपड़े
आमिर खान को कुर्ते और जींस में देखकर करण जौहर चौंक गए। करण ने आमिर से पूछा कि इस शो पर हम एक ड्रेस कोड फॉलो करते हैं, क्या आपको किसी ने उसके बारे में नहीं बताया। इस पर आमिर का कहना था कि मुझे इन कपड़ों में आराम मिलता है यार। वो बहुत ज़्यादा सज धज के बैठना मेरे से नहीं हो पाता है। दिलचस्प है कि इससे पहले, आमिर खान दो बार कॉफी विद करण पर आ चुके हैं और दोनों बार ही वो काफी सज धज के आए थे।

इतिहास का सबसे बोरिंग राउंड
करीना कपूर खान और आमिर खान ने इस बार इतिहास का सबसे बोरिंग रैपिड फायर राउंड खेला जहां दोनों ने ही किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। करीना से पूछा गया कि रणबीर कपूर की पार्टी पर किसे इनविटेशन नहीं मिलेगा, तो उनका जवाब था मुझे नहीं पता। करण उनसे बार बार पूछते रहे लेकिन करीना ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद करण ने पूछा - शाहिद कपूर की पार्टी में? तो करीना का जवाब था - शायद मैं, मुझे पता नहीं पर क्या पता शायद मैं। करण ने करीना से वो सवाल पूछा जिसकी वजह से वो पिछला सीज़न हार गई थीं। लेकिन करीना का कहना था, मुझे इस बार भी जीतना ही नहीं है। करीना ने आराम से आमिर को इशारा करते हुए कहा, ये रैपिड फायर राउंड आपका है।

आमिर ने भी दिए सीधे सादे जवाब
आमिर खान से रैपिड फायर राउंड में रणबीर और रणवीर में से चुनने को कहा गया, आमिर का कहना था कि मैं एक को नहीं चुन सकता। वहीं इसके बाद उनसे आलिया और दीपिका में से बेहतर अभिनेत्री चुनने को कहा गया, आमिर का फिर कहना था कि वो एक नहीं चुन सकते, दोनों शानदार हैं। अगले सवाल में उन्हें कैटरीना और करीना में से चुनने को कहा गया तो आमिर का कहना था कि कैटरीना और करीना दोनों के पास अपनी अपनी खूबियां हैं और इसलिए दोनों ही उन खूबियों में महारत हासिल करती हैं। करीना की एक खूबी जो आमिर में नहीं हैं, इस बारे में बात करते हुए आमिर ने बताया मुझे हर सीन के लिए बहुत तैयारी करनी पड़ती है लेकिन करीना जैसे मक्खन की तरह हर सीन कर लेती हैं। एकदम आराम से।

गेम्स राउंड में करीना ने मारी बाज़ी
बारी आई गेम्स राउंड की और इस राउंड में आमिर खान इतने धीमे दिखे कि करीना कपूर खान से हारते हुए दिखाई दिए। ऐसा लगा कि वो अपना लाल सिंह चड्ढा का किरदार छोड़ना ही नहीं चाहते थे। सीधे सीधे सवालों के भी आमिर खान जवाब नहीं दे पाए। यहां तक कि उन्हें एक्टर्स के नाम तक नहीं याद आए और करीना इस राउंड में बाज़ी मार ले गईं।

किसने लगाई किसे कॉल
शो का सबसे दिलचस्प हिस्सा होता है स्टार्स का स्टार्स को कॉल लगाना। आमिर खान जहां रणवीर सिंह और किरण राव को वीडियो कॉल करते दिखे वहीं करीना कपूर खान सैफ अली खान और अर्जुन कपूर को कॉल करती दिखाई दीं। इस दौरान, रणवीर सिंह, करीना कपूर खान से भी बात करते दिखाई दिए। सैफ अली खान से करीना बात कर रही थीं कि आमिर ने उनसे दो मिनट के लिए फोन ले लिया और कहा कि यार तुम फिल्म कब देखोगे? इस पर सैफ ने बताया 1 या 2 जब वो कहें।


Click it and Unblock the Notifications