कॉफी विद करण 7 में शामिल नहीं होंगे शाहरुख, सलमान और आमिर- करण जौहर ने कहा, 'मुझमें पॉवर नहीं है'
करण जौहर 'कॉफी विद करण' के सातवें सीजन के साथ वापस लौट रहे हैं। शो का प्रोमो हाल ही में जारी किया गया था और इसने दर्शकों को सुपर एक्साइटेड कर दिया है। आलिया भट्ट, रणवीर सिंह से लेकर सामंथा रूथ प्रभु, अक्षय कुमार और सारा अली खान, जान्हवी कपूर तक, इस सीजन में कई सेलेब्स शो का हिस्सा बनने वाले हैं।
लेकिन जिस बात ने फैंस को हैरान किया, वो ये कि इस बार सलमान खान, शाहरुख खान या आमिर खान.. तीनों खानों में से कोई भी शो में नजर नहीं आएंगे। हाल ही में जब करण से इस बारे में पूछा गया.. तो उन्होंने कहा कि उनके पास तीनों खानों में से किसी को भी लाने की पॉवर नहीं है।

एक न्यूज चैनल से बात करते हुए, करण जौहर ने कहा, "तीनों खान्स इस सीजन मेरे शो पर नहीं आ रहे हैं। मेरे पास उन्हें शो में लाने की ताकत नहीं है। मैं उन्हें पार्टी के लिए बुला सकता हूं लेकिन अपने शो के नहीं। मैं तीनों में से दो खान्स को भी मैनेज नहीं कर सकता हूं।"
बता दें, इस सीजन में रणबीर कपूर भी नजर नहीं आएंगे। करण ने कहा, "रणबीर कपूर ने मुझसे कहा है कि मैं शो में नहीं आ रहा हूं। मुझे इसकी कीमत बहुत लंबी चुकानी होगी। तो मैं अपने साथ ऐसा क्यों करूं। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं.. मैं तुम्हारे घर पर मिलूंगा और तुमसे बात करूंगा। तुम मुझे घर पर कॉफी दो। लेकिन मैं तुम्हारे शो में नहीं आ रहा हूं।"
करण भी ये मानते हैं कि उनके शो के आने की वजह से कई स्टार्स को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। करण ने कहा, "एक्टर्स जब किसी और शो में कुछ कहते हैं तो उन्हें ट्रोल नहीं किया जाता.. लेकिन जैसे ही वो मेरे शो में कुछ कहते हैं तो लोग उनके पीछे पड़ जाते हैं।"
बहरहाल, 'कॉफी विद करण 7' 7 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगा। पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह होंगे। इनके अलावा इस सीजन शो में अक्षय कुमार, कियारा आडवाणी, शाहिद कपूर, अनिल कपूर, वरुण धवन, सारा अली खान, जाह्नवी कपूर, अनन्या पांडे, विजय देवरकोंडा, समांथा, टाइगर श्रॉफ, कृति सैनन नजर आएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
