काजोल का वेब सीरीज़ डेब्यू: डिज़्नी हॉटस्टार पर बेहद इंटेंस ड्रामा में आएंगी नज़र, डायरेक्टर भी हुए फाईनल
इस समय लगभग सभी बड़े स्टार्स ओटीटी और वेब सीरीज़ की ओर रूख कर चुके हैं जहां उन्हें दर्शकों का काफी बड़ा वर्ग मिल रहा है और उनकी पहचान को भी मज़बूती मिल रही है। अब काजोल अभी अपने वेब सीरीज़ डेब्यू के लिए तैयार हो चुकी हैं। ये वेब सीरीज़, डिज़्नी हॉटस्टार के लिए बनाई जा रही है और इसे डायरेक्ट करेंगे द फैमिली मैन के लेखक सुपर्ण वर्मा।
पीपिंग मून की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट की मानें तो काजोल की ये वेब सीरीज़ एक 40 साल की औरत की कहानी होगी जो कि परिस्थितियों से मजबूर होकर अपने बच्चों के लिए काम करने निकलती है। इसके बाद किस तरह वो राजनीति, क्राईम और परिवार के बीच में उलझेगी, यही इस सीरीज़ की कहानी होगी।

ये सीरीज़ कई सीज़न की होगी और इसमें काजोल के एक पत्नी और मां के सफर की कहानी को बेहद इंटेंस ड्रामा में तब्दील किया जाएगा। हालांकि, ऐसे प्लॉट पर कई कहानियों, पिछले कुछ सालों में वेब सीरीज़ पर देखी जा चुकी हैं तो ये देखना दिलचस्प होगा कि सुपर्ण वर्मा, काजोल के साथ इस कहानी को कितनी अलग तरीके से परदे पर ला पाते हैं।

ओटीटी पर हो चुका है डेब्यू
गौरतलब है कि काजोल का ओटीटी डेब्यू 2021 में फिल्म त्रिभंग के साथ हो चुका है। ये फिल्म भी तीन पीढ़ियों की तीन मज़बूत औरतों की कहानी थी जिसकी कड़ी थीं काजोल। फिल्म में काजोल, उनकी मां और उनकी बेटी की कहानी थी जिसे एक सूत्र में पिरोया गया था। फिल्म को डायरेक्ट किया था रेणुका शहाणे ने। काजोल की मां के किरदार में थीं तन्वी अज़मी और बेटी के किरदार में थीं मिथिला पाल्कर।

शॉर्ट फिल्म में भी ध्यान खींचा
इसके अलावा, काजोल ने देवी नाम की एक शॉर्ट फिल्म से भी सबका ध्यान खींचा था। ये शॉर्ट फिल्म प्रोड्यूस की थी काजोल के बेस्ट फ्रेंड निरंजन अईयंगर ने। इस शॉर्ट फिल्म को ढेरों अवार्ड्स के लिए नॉमिनेट किया गया था और काजोल को काफी तारीफें मिली थीं। उनकी फिल्म त्रिभंग को भी काफी पसंद किया गया था लेकिन फिल्म को ज़्यादा लाईमलाइट नहीं मिल पाया था।

ऑफर हुई थी आर्या
काजोल को राम माधवानी ने सुष्मिता सेन स्टारर मशहूर वेब सीरीज़ आर्या भी ऑफर की थी। लेकिन तब राम माधवानी इस कहानी को फिल्म के रूप में बनाना चाहते थे। काजोल इस फिल्म को हां करने ही वाली थीं कि फिर कुछ निजी कारणों से उन्हें इस फिल्म को रिजेक्ट करना पड़ा। इसके बाद राम माधवानी ने इस कहानी को वेब सीरीज़ में तब्दील कर दिया और सुष्मिता सेन को इसके लिए अप्रोच किया।

आखिरी बार परदे पर जीता दिल
बड़े परदे पर काजोल ने आखिरी बार दिल जीता था 2020 में अजय देवगन स्टारर तान्हाजी द अनसन्ग वॉरियर के साथ। इस फिल्म में काजोल, तान्हाजी की पत्नी के किरदार में थीं। दर्शकों ने पहली बार, काजोल को विशुद्ध मराठी अवतार में देखा था और उन्हें इस रूप में बहुत पसंद किया गया। काजोल को इस किरदार के लिए उतनी ही तारीफें मिलीं जितनी अजय देवगन को। काजोल को इस फिल्म का दूसरा स्तंभ कहा गया।

अगली फिल्म की तैयारी
अगर अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो काजोल अपनी अगली फिल्म सलाम वेंकी की शूटिंग शुरू कर चुकी हैं। इस फिल्म को डायरेक्ट कर रही हैं सुपरस्टार रेवती। फिल्म में काजोल के साथ विशाल जेठवा, आहना कुमार और अनंत महादेवन दिखाई देंगे। फिल्म का एक शेड्यूल पूरा हो चुका है।

अफवाहों से भरी थी गपशप गली
इस बीच अफवाहें ये भी थीं कि राजकुमार हिरानी ने अपनी अगली फिल्म के लिए शाहरूख खान और काजोल को अप्रोच किया है। दर्शकों ने ये खबर सुनी तो वो काफी उत्साहित हो गए थे। लेकिन काजोल ने इन खबरों का खंडन कर दिया। अब ये फिल्म अनाउंस हो चुकी है। फिल्म का नाम है डंकी और फिल्म की हीरोइन काजोल नहीं बल्कि तापसी पन्नू हैं। लेकिन काफी समय तक काजोल के इस फिल्म की हीरोइन होने की चर्चा थी।


Click it and Unblock the Notifications











