10 साल पुराना ये K-Drama आज भी करता है दिलों पर राज, Gong Yoo ने पूरी दुनिया को अपने साथ रुलाया और हंसाया
K-Drama Rewind, Goblin Review: कोरियन ड्रामा की दुनिया में कुछ कहानियां समय के साथ फीकी नहीं पड़तीं- Goblin उन्हीं में से एक है। साल 2016 में आई यह फैंटेसी-रोमांस सीरीज आज भी दर्शकों के दिलों पर राज करती है। अपनी इमोशनल गहराई, शानदार सिनेमैटोग्राफी और यादगार किरदारों की वजह से यह शो अब एक क्लासिक बन चुका है।

अमर योद्धा की अधूरी कहानी
कहानी की शुरुआत होती है किम शिन नाम के एक बहादुर योद्धा से, जिसे धोखे से मौत मिलती है। लेकिन उसकी आत्मा को शांति नहीं मिलती और वह एक अमर गोबलिन बन जाता है। उसके सीने में धंसी अदृश्य तलवार ही उसके अंत की कुंजी है- जिसे केवल उसकी 'दुल्हन' ही निकाल सकती है। सदियों तक वह अकेलेपन के साथ जीता है, जब तक उसकी मुलाकात एक चंचल और मासूम लड़की से नहीं होती।
प्यार, किस्मत और दर्द का संगम
यह लड़की, जो भूतों को देख सकती है, वही है जो गोबलिन की तलवार देख पाती है। दोनों के बीच पहले दोस्ती और फिर गहरा प्यार पनपता है। लेकिन इस रिश्ते में सबसे बड़ा सवाल यही है- अगर वह तलवार निकलती है, तो क्या उनका साथ खत्म हो जाएगा? क्या गोबलिन की मौत हो जाएगी?
शो सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रहता। इसमें जीवन और मृत्यु के बीच का रहस्य, पुनर्जन्म और इंसानी भावनाओं की नाजुकता को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है।
दोस्ती जो दिल छू ले
गोबलिन के साथ रहने वाला ग्रिम रीपर भी इस कहानी का अहम हिस्सा है। दोनों के बीच की नोकझोंक, मजाक और धीरे-धीरे पनपती गहरी दोस्ती दर्शकों को हंसी भी देती है और आंसू भी। उनकी बॉन्डिंग इस सीरीज को मजबूती देती है।
क्यों आज भी खास है यह सीरीज?
इमोशनल सीन की गहराई दर्शकों को अंदर तक छू जाती है। बैकग्राउंड म्यूजिक और लोकेशन्स कहानी को और इंप्रेसिव बनाते हैं। हर किरदार की अपनी अलग कहानी और स्ट्रगल है, लेकिन फिर भी सभी किरदार एक-दूसरे से जुड़े हैं।
यह सीरीज हमें याद दिलाती है कि जिंदगी भले ही छोटी हो, लेकिन प्यार और यादें अमर हो सकती हैं। Goblin सिर्फ एक फैंटेसी ड्रामा नहीं, बल्कि इंसानी भावनाओं का खूबसूरत सफर है- जिसमें दर्द भी है, उम्मीद भी और सच्चे प्रेम की ताकत भी।
अगर आप दिल को छू लेने वाली, थोड़ी रहस्यमयी और बेहद भावुक कहानी देखना चाहते हैं, तो यह ड्रामा आज भी उतना ही असरदार है जितना अपनी रिलीज के समय था। इस सीरीज को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं लेकिन ये सीरीज कोरियाई भाषा में ही अवेलेबल है और इसे आप इंग्लिश सबटाइटल के साथ देख सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











