बिग बॉस ओटीटी सीज़न 2: इन 9 सेलिब्रिटी के साथ लौट रहा है 24 घंटे चलने वाला रियलिटी शो, जानिए डीटेल्स
देश के सबसे बड़े रियलिटी शो बिग बॉस ने पिछले साल जब अपना एक मिनी वर्जन बिग बॉस ओटीटी, 24 घंटे लाईव लॉन्च किया तो इस रियलिटी शो ने एक बार फिर दर्शकों के फेवरिट लिस्ट में अपनी जगह बना ली। केवल 4 हफ्तों के इस शो ने दर्शकों का काफी मनोरंजन किया और अब बिग बॉस ओटीटी अपने दूसरे सीज़न के साथ लौट रहा है।
बिग बॉस ओटीटी के पहले सीज़न को होस्ट किया था करण जौहर ने और इस शो में शमिता शेट्टी से लेकर राकेश बापट और नेहा भसीन से लेकर अक्षरा सिंह तक कई चर्चित नाम दिखाई दिए थे। लेकिन ये शो रहा डिजिटल स्टार्स के नाम जहां प्रतीक सहजपाल, मूस जाटना और निशांत भट्ट जैसे खिलाड़ियों ने अपना कब्ज़ा जमाया।

बिग बॉस ओटीटी के पहले सीज़न की विजेता थीं दिव्या अग्रवाल जो पहले भी वूट पर इसी थीम पर बना एक शो एस ऑफ स्पेस जीत चुकी हैं। अब बिग बॉस ओटीटी का दूसरा सीज़न जुलाई के आखिरी हफ्ते या अगस्त के पहले हफ्ते से एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। इस सीज़न के संभावित और कंफर्म प्रतिभागियों के नाम भी बाहर आ चुके हैं। देखिए लिस्ट -

मुनव्वर फ़ारूक़ी
बिग बॉस ओटीटी सीज़न 2 के पहले कंफर्म प्रतिभागी लॉकअप सीज़न 1 के विजेता मुनव्वर फ़ारूक़ी को माना जा रहा है। मुनव्वर फिलहाल खतरों के खिलाड़ी में हिस्सा लेंगे और इसके बाद वो बिग बॉस ओटीटी सीज़न 2 का हिस्सा बनेंगे। मुनव्वर का नाम बिग बॉस 16 के लिए लिया जा रहा था लेकिन फिलहाल तो वो ओटीटी पर इस शो का हिस्सा बनेंगे।

ज़ैद दरबार - गौहर खान
बिग बॉस ओटीटी सीज़न 2 के दूसरे कंफर्म प्रतिभागी हैं गौहर खान के पति ज़ैद दरबार। वहीं इस शो के लिए गौहर को भी अप्रोच किया गया है। गौहर, बिग बॉस का एक सीज़न जीत चुकी हैं वहीं सीज़न 14 में वो नए प्रतिभागियों को कोच करती भी नज़र आ चुकी हैं। ऐसे में गौहर, बतौर प्रतिभागी शो में वापसी तकना चाहती हैं या नहीं, इस पर वो विचार कर रही हैं।

आवेज़ दरबार
गौहर और ज़ैद के साथ शो के लिए ज़ैद के भाई आवेज़ दरबार को भी अप्रोच किया गया है। आवेज़ इस प्रपोज़ल को कुबूल करते हैं या नहीं ये तो कुछ वक्त बाद ही पता चलेगा। आवेज़, अपने भाई ज़ैद की ही तरह एक कोरियोग्राफर और सोशल मीडिया Influencer हैं। दिलचस्प ये है कि ज़ैद और आवेज़ के पिता इस्माइल दरबार भी बिग बॉस का हिस्सा रह चुके हैं।

अनुष्का सेन
बिग बॉस ओटीटी सीज़न 2 की पांचवी खिलाड़ी अनुष्का सेन को माना जा रहा है। अनुष्का सेन टीवी का जाना माना चेहरा हैं जिन्होंने रोहित शेट्टी के शो खतरों के खिलाड़ी के साथ अपनी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग बढ़ा ली है। अनुष्का स्टंट्स करने में महारथी हैं और उन्हें दर्शक काफी पसंद करते हैं। फिलहाल वो अपने कोरियन ड्रामा की शूटिंग के लिए विदेश में हैं।

निया शर्मा
बिग बॉस ओटीटी सीज़न 2 की छठवीं प्रतिभागी निया शर्मा को माना जा रहा है। निया को बिग बॉस के लिए काफी सालों से अप्रोच किया जा रहा है और निया हर साल ये ऑफर ठुकरा देती हैं। हालांकि, बिग बॉस ओटीटी सीज़न 1 और बिग बॉस 15 में निया, बतौर मेहमान घर में वक्त बिता चुकी हैं। अगर निया इस बार शो का हिस्सा बनती हैं तो ये तय है कि उनकी फीस भी तगड़ी होगी।

केविन अलमासिफर
केविन अलमासिफर, डिजिटल दुनिया और खासतौर से वूट और Mtv का जाना माना चेहरा हैं। फिलहाल वो रोडीज़ का हिस्सा हैं। इससे पहले भी केविन रोडीज़ के एक सीज़न और स्पिल्ट्ज़विला का एक सीज़न कर चुके हैं। वो अपने गरम दिमाग के लिए काफी मशहूर हैं। अपने पिछले शो से केविन को हिंसा करने के लिए बाहर भी निकाला जा चुका है।

बसीर अली
डिजिटल दुनिया से बिग बॉस ओटीटी की दुनिया में शामिल होने वाला अगला नाम है बसीर अली का। बसीर भी एमटीवी रोडीज़ और स्पलिट्ज़विला के प्रतिभागी रहे हैं। बसीर ने वूट के शो एस ऑफ स्पेस के भी दूसरे सीज़न में हिस्सा लिया है। हर शो में वो फाईनलिस्ट बनते हैं लेकिन जीत से चूक जाते हैं। जीतने का उनका जुनून, बिग बॉस ओटीटी पर काफी काम आएगा।

पूनम पांडे
माना जा रहा है कि पूनम पांडे को भी बिग बॉस ओटीटी के लिए अप्रोच किया गया है लेकिन अभी तक पूनम ने शो के लिए हामी नहीं भरी है। वहीं पूनम, बिग बॉस करने में ज़्यादा दिलचस्पी रखती हैं या नहीं ये भी थोड़े दिनों में पता लग जाएगा। अब देखना है कि इस लिस्ट में से कितने चेहरे आपको बिग बॉस के घर के अंदर दिखाई देंगे।

नहीं होंगे होस्ट?
बात करें शो के होस्ट करण जौहर की तो रिपोर्ट्स की मानें तो करण जौहर इस बार शायद ही शो का हिस्सा बन पाएं। करण जौहर अपने चैट शो कॉफी विद करण की शूटिंग में व्यस्त हो चुके हैं जिसके पूरे होते ही वो अपनी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे। ऐसे में उनके पास बिग बॉस ओटीटी के लिए समय कम बच रहा है। देखना ये है कि अगर करण जौहर वापसी नहीं करते हैं तो बिग बॉस ओटीटी कौन होस्ट करता है।


Click it and Unblock the Notifications











