मां कसम खाते हुए आमिर खान ने कॉफी विद करण पर खोले राज़: फिर से बनाएंगे मेला, पत्नियों को लेकर ये है अफसोस
आमिर खान कॉफी विद करण के नए एपिसोड पर बिल्कुल अलग अवतार में नज़र आए। उन्हें इस तरह देखकर करण जौहर चौंक गए। करण जौहर ने उनसे पूछा कि क्या किसी ने उन्हें शो के ड्रेस कोड के बारे में इत्तिला नहीं की थी? आमिर खान ने अपना बचाव करते हुए कहा कि असल में उनसे तैयार होकर और सज धज कर नहीं बैठा जा पाता है। इन कपड़ों में वो आराम से बात कर सकते हैं।
करण जौहर का कहना था कि वो किसी भी कपड़े में बैठकर उतने ही जादुई लगेंगे। करीना भी करण जौहर की बात से सहमत नज़र आईं। हालांकि, बाद में करीना आमिर खान के फैशन सेंस का मज़ाक उड़ाते भी दिखाई दिए।

इस दौरान, आमिर खान अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा से लेकर अपनी निजी ज़िंदगी और दोनों पत्नियों के बारे में भी बात करते दिखाई दिए। देखिए करण जौहर से बातचीत के दौरान, आमिर खान ने खोले कौन से राज़।

कोरोना के दौरान बदल गया सब
आमिर खान ने बताया कि कोरोना के दौरान उन्होंने अपने और अपने रिश्तों के बारे में काफी सोचा। उन्हें इस बात का बहुत ही ज़्यादा अफसोस हैं कि उन्होंने अपनी ज़िंदगी में केवल अपने काम को तरजीह दी। यही कारण है कि वो अपने बच्चों आएरा और जुनैद के साथ भी ज़्यादा समय नहीं बिता पाए और ना ही अपनी पत्नियों को खुश रख पाए। आमिर ने बताया कि इस एहसास ने उन्हें पूरी तरह से बदल दिया।

काम की जगह परिवार चुनते
आमिर खान ने बताया कि कोरोना में खुद को टटोलने के बाद अब आमिर खान अपने परिवार को सबसे ऊपर रखते हैं। वो अपनी मां, बहन और भाई के साथ और ज़्यादा वक्त बिताते हैं। अपने बच्चों से भी ज़्यादा मिलते हैं और जानने की कोशिश करते हैं कि किसके साथ क्या चल रहा है। आमिर ने बताया कि जैसे उनके रिश्ते इस समय उनके परिवार के साथ हैं वैसे ज़िंदगी में कभी नहीं रहे और इसके ज़िम्मेदार वो खुद हैं।

रीना, मैं और किरण एक परिवार हैं
आमिर ने बताया कि अगर उन्हें पुराने समय में कुछ ठीक करने को कहा जाए तो शायद वो अपने परिवार को अपने काम से भी ऊपर चुनेंगे। हमेशा। वहीं उन्होंने बताया कि वो, उनकी पूर्व पत्नियां किरण राव और रीना दत्ता, एक संयुक्त परिवार हैं और हमेशा रहेंगे। आमिर ने ये भी खुलासा किया कि वो हफ्ते में एक बार रीना और बच्चों से ज़रूर मिलते हैं। वो लोग एक परिवार थे और हमेशा रहेंगे।

किरण राव के कपड़े पहन लेते हैं आमिर
करण जौहर से अपने कपड़ों के बारे में बात करते हुए आमिर ने बताया मेरे पास एक घुटनों से नीचे तक का पाजामा है जो कि बड़ा आरामदायक है। उसमें नीचे इलास्टिक भी लगा हुआ है। मैं अक्सर वही पहन लेता हूं और मेरे और किरण के बीच ये मज़ाक भी होता है कि मैं वो पहनना कब बंद करूंगा। किरण उन्हें टोक भी देती हैं कि वो पहनकर बाहर मत जाया करो। इसके बाद करण ने आमिर से पूछा कि आप एक ढीला ढाला धोती पैंट भी पहने दिखते हैं। आमिर का कहना था हां वो मुझे बड़ा आरामदायक लगता है। करण ने बताया कि उन्होंने वही धोती किरण को भी पहने देखी है तो क्या आमिर किरण के कपड़े भी पहन लेते हैं? आमिर ने भी सच्चाई से जवाब देते हुए कहा कि हां मैं उसके भी ढीले ढाले कपड़े पहन लेता हूं।

करीना से पहली मुलाकात
आमिर खान ने बताया कि उन्होंने करीना कपूर को पहली बार तब देखा था जब करीना 12 साल की थीं और वो मड आईलैंड पर उनकी बहन करिश्मा कपूर के साथ अंदाज़ अपना अपना की शूटिंग कर रहे थे। उस दौरान करीना बड़े ही प्यारे से अंदाज़ में बैठकर सबको शूटिंग करते देखती थीं।

फिर से बनाएंगे मेला - ठग्स ऑफ हिंदुस्तान
करण जौहर ने आमिर खान को ऑप्शन दिया कि वो मंगल पांडे, मेला और ठग्स ऑफ हिंदुस्तान, अपनी कौन सी फ्लॉप फिल्म को दोबारा ढंग से बनाना चाहेंगे। आमिर का कहना था कि मंगल पांडे वैसे ही बनी थी जैसी हम चाहते थे। हां मेला और ठग्स ऑफ हिंदुस्तान, दर्शकों तक वैसी नहीं पहुंच पाई जैसी हम पहुंचाना चाहते थे। तो मैं इन दो फिल्मों को ज़रूर वापस ठीक करना चाहूंगा।

सूरज बड़जात्या के साथ काम करने का सपना
आमिर खान ने बताया कि कौन से डायरेक्टर्स के साथ काम करना उनका सपना है। पहला नाम था एस एस राजामौली। इसके बाद आमिर खान ने नाम लिया सूरज बड़जात्या का। आमिर का कहना था, सूरज बड़ी प्यारी सी फिल्में बनाते हैं। बिल्कुल सीधी सादी सी। मुझे बहुत ज़्यादा इच्छा है कि मैं एक बार उनके साथ ज़रूर काम करूं।


Click it and Unblock the Notifications











