एलियन अर्थ में 10 साल के बच्चे का किरदार निभाने पर बोले आदर्श गौरव, ''बच्चे बिना किसी रोक-टोक के जीते हैं''

Aadarsh Gourav- अपने दमदार और अलग-अलग किरदारों की पसंद के लिए पहचाने जाने वाले आदर्श गौरव, एक बार फिर अपनी सीमाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। रिडली स्कॉट की सीरीज़ एलियन अर्थ, जो FX और भारत में Jio पर स्ट्रीम हो रही है, में आदर्श ने 10 साल के बच्चे का रोल निभाया है।
एक ऐसा किरदार जिसने भावनात्मक गहराई और गहन तैयारी दोनों की मांग की। एक बच्चे की सोच में ढलने के लिए आदर्श ने साधारण रिहर्सल से कहीं आगे जाकर तैयारी की। बच्चों के साथ समय बिताने, उनके व्यवहार को ध्यान से देखने और क्रिएटिव वर्कशॉप्स करने तक-उन्होंने बचपन की मासूमियत और अनिश्चितता को पकड़ने के लिए हर कोशिश की।
अपना अनुभव साझा करते हुए आदर्श ने कहा, "बच्चा बनकर एक्टिंग करना मेरे लिए बिल्कुल नया और समृद्ध अनुभव था। बच्चों में एक तरह की आज़ादी और बेफ़िक्री होती है, जो हम बड़े होकर खो देते हैं। मैं वही सच्चाई स्क्रीन पर लाना चाहता था। तैयारी के लिए मैंने बच्चों के साथ बहुत समय बिताया-यह देखते हुए कि वे अलग-अलग परिस्थितियों पर कैसे प्रतिक्रिया देते हैं, कैसे सवाल पूछते हैं, उनकी मासूम हरकतें, अचानक से होने वाली शरारतें या ध्यान भटकना-ये सब मेरी परफॉर्मेंस की नींव बने।"
आदर्श ने आगे कहा, "हमने बैंकॉक में एक चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट एप्रिल के साथ भी सेशन्स किए, जहाँ हमने मज़ेदार एक्सरसाइज़ कीं-ड्रॉइंग, मिट्टी से आकृतियाँ बनाना, अपने बचपन की कहानियाँ साझा करना और खेल-खेल में अपने 'बचपन वाले रूप' से मिलना। यह अनुभव बहुत ही थेरेप्यूटिक और समझ से भरा हुआ था। इसके अलावा मैंने घंटों यूट्यूब पर हुई हो किड्स देखा, जिसमें बच्चे अलग-अलग लोगों से बातचीत करते हैं और मासूम व अनपेक्षित सवाल पूछते हैं। इसने मुझे याद दिलाया कि बच्चे दुनिया को कितने अलग और अनोखे नज़रिए से देखते हैं।"
अंत में आदर्श ने कहा, "जब आपके पास इतनी शानदार स्क्रिप्ट और स्पष्ट कैरेक्टर ग्राफ होता है, तो आपको बस उसमें खुद को समर्पित करना पड़ता है। यह रोल निभाना आज़ाद करने वाला भी था और चुनौतीपूर्ण भी, क्योंकि आपको बार-बार खुद को याद दिलाना पड़ता है कि आपको कम सोचना है, और ज़्यादा उस बच्चे की तरह महसूस करना है जो हर चीज़ पहली बार देख और जी रहा है।"
एलियन अर्थ के साथ, आदर्श ने अपने करियर में एक और अनोखा मुकाम जोड़ा है, यह साबित करते हुए कि उनकी ईमानदारी और कला के प्रति लगन ही उन्हें भारत के सबसे रोमांचक ग्लोबल एक्टर्स में से एक बनाती है।


Click it and Unblock the Notifications











