गौरी खान ने पहली बार आर्यन खान ड्रग्स केस पर चुप्पी तोड़ी, शाहरूख खान की भी बताई खराब आदतें
कॉफी विद करण के नए एपिसोड की मेहमान थीं गौरी खान, जिन्होंने अपनी दोस्तों महीप कुमार और भावना पांडे के साथ मिलकर अपनी दोस्ती के बारे में ढेर सारी बातें कीं। इतना ही नहीं, गौरी खान इस दौरान, अपने और अपने परिवार के बारे में कई मज़ेदार खुलासे करती दिखाई दीं।
लेकिन मज़ेदार खुलासों से पहले, गौरी खान ने पहली बार खुलकर अपनी ज़िंदगी के सबसे खराब दिनों के बारे में बात की। करण जौहर ने उनसे आर्यन खान के अरेस्ट के बारे में पूछा और गौरी ने कहा कि किसी भी माता पिता के लिए ये बहुत ही परेशानी भरा समय होता। हमारे लिए भी था।

हालांकि, गौरी का कहना था कि उनका परिवार इससे और मज़बूत होकर बाहर निकला और उन्हें इस बात से हिम्मत मिली कि कितने लोग उनके साथ खड़े थे। दोस्त, परिवार और शुभचिंतक, हर कोई हर स्तर पर उनकी सहायता कर रहा था और इसके लिए वो सबका शुक्रिया भी अदा करती हैं।
शाहरूख खान की पत्नी होने के बारे में बात करते हुए भी गौरी खान ने बताया कि कभी कभी ऐसा होता है कि लोग उनसे काम नहीं करवाना चाहते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि चूंकि वो शाहरूख खान की पत्नी हैं, इसलिए उनके काफी नखरे होंगे। गौरी का कहना है कि अगर मैं उनकी जगह होती तो मैं भी ऐसा ही सोचती। इसलिए इसमें किसी की कोई गलती नहीं है।
इसके अलावा, गौरी खान ने शो के दौरान कई मज़ेदार खुलासे भी किए।

बच्चों पर की बात
गौरी खान ने अपने तीनों बच्चों के बारे में बात करते हुए बताया कि आर्यन उनकी फैशन पुलिस है। वो हमेशा गौरी को बताते रहते हैं कि क्या पहनना और कैसे पहनना है। गौरी खान ने बताया कि आर्यन कभी उन्हें पूरी आस्तीन के कपड़े और जैकेट नहीं पहनने देते हैं। इसके बाद उन्होंने बताया कि उनके तीनों बच्चों में सुहाना सबसे परिपक्व है वहीं सबसे अच्छी पर्सनैलिटी अबराम की है।

शाहरूख खान की खराब आदतें
गौरी खान ने शाहरूख खान की खराब आदतों के बारे में भी खुलासे किए। उन्होंने बताया कि शाहरूख की आदत है कि घर पर अगर कोई पार्टी है तो वो हर मेहमान को विदा करने घर के बाहर तक जाते हैं और फिर आधा घंटा बाहर खड़े होकर बात करते हैं। जबकि गौरी उन्हें घर में ढूंढ रही होती हैं। कभी कभी उन्हें समझ ही नहीं आता है कि पार्टी घर में हो रही है या फिर सड़क पर। वहीं उन्हें शुक्र मनाया कि उनके बच्चों के अंदर शाहरुख की देर से आने की आदत और घंटों बाथरूम में बैठे रहने की आदत नहीं गई है और इसके लिए वो भगवान का शुक्रिया अदा करती हैं।

नहीं हैं सुपरस्टार वाले नखरे
करण जौहर से बात करते हुए गौरी खान ने बताया कि लोगों को लगता है कि वो सुपरस्टार का परिवार हैं लेकिन उनका घर बिल्कुल किसी भी नॉर्मल घर और परिवार की तरह ही है। कभी खाने को लेकर चिक चिक होती है तो कभी ये क्यों नहीं बना और वो क्यों बना। ये काम क्यों नहीं हुआ, वो काम बचा है। हालांकि, शाहरूख खान की तारीफ करते हुए गौरी ने बताया कि वो बहुत ही Adjust करने वाले इंसान हैं। उन्हें अगर बिना नमक के खाना दे दो तो भी वो बिना शिकायत किए खा लेंगे।

सुहाना को सलाह
सुहाना खान अपना डेब्यू करने जा रही हैं और गौरी खान ने बताया कि वो सुहाना को बताती रहती हैं कि उसे पता होना चाहिए कि ये कितना मुश्किल होने वाला है। नेपोटिज़्म के बारे में पूछे जाने पर गौरी खान का कहना था कि मैं बस सुहाना को एक ही चीज़ बोलती हूं, आकर मेरे सर पर मत बैठो। अपनी मुश्किलों से खुद जूझो और खुद उनसे निकलने की कोशिश करो।

डेटिंग पर सलाह
गौरी खान ने बताया कि वो आर्यन और सुहाना को डेटिंग की सलाह देना चाहेंगे। सुहाना को कहना चाहेंगी कि एक बार में दो लड़कों को एक साथ डेट मत करना। और आर्यन को बताना चाहेंगी कि जितना मन करे, जितने लोगों को मन करे डेट करो जब तक कि तुम्हारा किसी से शादी करने को दिल नहीं कर रहा है। लेकिन जिस दिन शादी कर ली उसके बाद सारी चीज़ों पर पूर्ण विराम।

सेलिब्रिटी आदतों से दिक्कत
गौरी खान से पूछा गया कि कौन सी सेलिब्रिटी आदत उन्हें पसंद नहीं है और गौरी ने बिना वक्त गंवाए बताया कि जब सेलिब्रिटी, फोटोग्राफर्स को खुद फोन करके एयरपोर्ट पर बुलाते हैं और फिर कैमरा देखकर ऐसे हैरान होते हैं जैसे कि उन्हें पता ही नहीं था कि वहां कैमरामैन उनकी फोटो खींचने को तैयार है। गौरी ने ये भी बताया कि वो लोग उन्हें अक्सर घमंडी और एटीट्यूड वाली समझते हैं लेकिन वो ऐसी बिल्कुल भी नहीं हैं।

फ्लाईट में बुरी आदत
करण जौहर और भावना पांडे ने बताया कि गौरी खान अक्सर, नाईटी पहनकर एयरपोर्ट पहुंचती हैं। वो आमतौर पर नाईटी के ऊपर एक जैकेट डाल लेती हैं और एक बेल्ट लगा लेती हैं जिससे कि वो ड्रेस लगे लेकिन फ्लाईट पर बैठते ही जैकेट और बेल्ट निकल जाती है और वो अपनी नाईटी में वापस आ जाती हैं।


Click it and Unblock the Notifications











