हाथ नहीं थे, लेकिन हौसले थे बुलंद... ऑटो ड्राइवर की लाडली ने बोर्ड एग्जाम में नंबरों से सबको चौंकाया!
Student Inspiring Story: वो महीना आ गया है, जो हर स्टूडेंट के लिए किसी पहाड़ चढ़ने से कम नहीं माना जाता है। ये मार्च का महीना है, जब एक स्टूडेंट की साल भर की पढ़ाई को एग्जाम के जरिए आंका जाता है। उस बच्चे को साल भर कितना समझ आया, वो कितना सीख पाया इसका पता परीक्षा के जरिए ही लगता है।

एक आम बच्चे के लिए अच्छे नंबर लाना थोड़ा आसान होता है, लेकिन जिन बच्चों के पास ना तो सुविधाएं होती हैं और ना ही शारीरिक क्षमता उनके लिए खुद को साबित करना काफी मुश्किल हो जाता है। आज हम आपको ऐसी ही एक लड़की के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने अपनी अक्षम्यता को बाधा नहीं बनने दिया और खुद को साबित किया।
साल 2018 में कई बच्चों ने बेहतरीन नंबर लाकर लोगों को पढ़ने और जीवन में कुछ अच्छा करने के लिए प्रेरित किया। लेकिन जेबिन कौसर ने जो किया, उसके बारे में सोचना भी किसी नॉर्मल से दिखने वाले इंसान के लिए मुश्किल है। असम के होजाई जिले के छोटे से कस्बे मुराजहर की रहने वाली जेबिन कौसर बिना हाथ के पैदा हुई थी। लेकिन उन्होंने अपनी इस कमी को कभी अपनी पढ़ाई के रास्ते में नहीं आने दिया। कड़ी मेहनत और मजबूत इरादे के साथ उन्होंने मैट्रिक (कक्षा 10) की परीक्षा फर्स्ट डिविजन से पास की।
पैरों से लिखकर दी परीक्षा
जेबिन ने अपनी बोर्ड परीक्षा पैरों से पेन पकड़कर लिखी। यह आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने लगातार अभ्यास करके इसे मूमकिन बना दिया। उनकी मेहनत का नतीजा यह रहा कि उन्होंने अच्छे नंबरों के साथ परीक्षा पास की और अपने स्कूल की टॉप स्टूडेंट्स की लिस्ट में शामिल हो गईं।
साधारण परिवार से हैं जेबिन
जेबिन एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता ऑटो-रिक्शा चलाते हैं और मां हाउस वाइफ हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं है। बताया जाता है कि उनके पिता की आमदनी लगभग 5,000 रुपये महीने के आसपास थी, लेकिन इसके बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी।
जेबिन अपने परिवार की छह बहनों में सबसे बड़ी हैं। बचपन में उन्हें रोजमर्रा के कई कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने पैरों की मदद से कई काम खुद करना सीख लिया।
मेहनत और हिम्मत की मिसाल
जेबिन कौसर की कहानी यह दिखाती है कि अगर इंसान में हिम्मत और मेहनत करने का जज्बा हो, तो कोई भी मुश्किल उसे अपने सपनों तक पहुंचने से नहीं रोक सकती।


Click it and Unblock the Notifications











