'वो मुझे आज मार देगा' बेटी के आखिरी कॉल से फटा कलेजा, मां ने सुनाई दरिंदगी की झकझोर देने वाली कहानी
Gurugram live-in partner assault case: हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-69 में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा ने अपने लिव-इन पार्टनर पर बर्बर मारपीट, यौन हिंसा और जान से मारने की कोशिश जैसे आरोप लगाए हैं।

युवती मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम की एक यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी। फिलहाल उसका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
डेटिंग ऐप से साथ रहने तक
परिवार के अनुसार, सितंबर 2025 में युवती की पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए शिवम से हुई। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और कुछ समय बाद दोनों साथ रहने लगे। बताया जा रहा है कि शादी को लेकर परिवारों के बीच शुरुआती चर्चा भी हुई थी। लेकिन आरोप है कि यह रिश्ता जल्द ही हिंसा और प्रताड़ना में बदल गया।
पीड़िता ने अपनी मां को फोन किया
पीड़िता की मां का कहना है कि 16 फरवरी की रात करीब 10 बजे बेटी का घबराया हुआ फोन आया। मां के मुताबिक, बेटी ने कहा- 'मेरे पास समय नहीं है, मुझे आज मार दिया जाएगा... शिवम पिछले तीन दिनों से मुझे पीट रहा है, जलाया है, आज वह मुझे मार देगा।'
मां का दावा है कि बेटी ने बताया कि उसे तीन दिनों तक कमरे में बंद रखा गया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से काटा गया और प्राइवेट पार्ट को बार-बार जलाया गया। मां ने यह भी कहा कि आरोपी ने अमानवीय व्यवहार किया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की मां का बयान
पीड़िता की मां ने एक वीडियो में सामने आकर बताया- "16 फरवरी को रात 10 बजे मेरी बेटी ने मुझे फोन किया और कहा- 'मेरे पास समय नहीं है, मुझे मार दिया जाएगा... शिवम नाम का एक शख्स पिछले 3 दिनों से मेरे साथ मारपीट कर रहा है। उसने मुझे मारा और जला भी दिया, वह आज मुझे मार डालेगा'... उसने मुझे बताया कि शिवम ने उसे तीन दिन तक एक कमरे में बंद रखा और उस पर पेशाब किया। उसने पिछले 3 दिनों से हर दिन तीन बार उसके प्राइवेट पार्ट्स को भी जलाया। उसने चाकू से उसके शरीर में कई जगह काट डाला। मेरी बेटी बायो-टेक्नोलॉजी की पढ़ाई के लिए गुरुग्राम आई थी। ऑनलाइन ऐप्स के जरिए उसकी शिवम (आरोपी) से दोस्ती हो गई। शिवम ने मेरी बेटी के साथ भी दुष्कर्म किया। शादी का झांसा देकर शिवम ने उसके साथ यह सब किया। मेरी बेटी की हालत बहुत खराब है।"
पुलिस की कार्रवाई
मामला बादशाहपुर थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर धाराएं तय की जा रही हैं। अभी आरोपी न्यायिक हिरासत में है और जांच जारी है। पीड़िता के वकील रीना राय का कहना है कि मेडिकल जांच में यौन हिंसा की पुष्टि हुई है और मामले में गंभीर धाराएं जोड़े जाने चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दर्द में है परिवार
पीड़िता की मां सदमे में हैं और पिता की मानसिक स्थिति भी खराब बताई जा रही है। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ अमानवीय व्यवहार हुआ और उसे लंबे समय तक प्रताड़ित किया गया। यह मामला एक बार फिर लिव-इन रिश्तों में सुरक्षा, भरोसा और कानूनी संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। साथ ही यह भी याद दिलाता है कि ऑनलाइन पहचान और रिश्तों में सावधानी कितनी जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications











