कौन हैं सुफियान अल्लाहाबादी? जिसने मदीना में जाकर मांगी प्रेमानंद जी महाराज के लिए दुआ, अब मिल रही धमकियां

Who is Sufiyan Allahabadi: एक मुस्लिम शख्स का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज की सेहत के लिए मदीना में दुआ मांगता नजर आ रहा है। इस शख्स का नाम सुफियान अल्लाहाबादी है, जिसने अपने वीडियो में बताया कि उसने संत के जल्द ठीक होने की कामना की है।
वीडियो सामने आने के बाद जहां कई लोग उसकी तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग नाराज होकर उससे वीडियो हटाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सुफियान ने वीडियो नहीं हटाया और कहा कि वह हिंदू-मुस्लिम एकता में विश्वास रखता है।
संत प्रेमानंद जी महाराज की तबीयत खराब
मथुरा-वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज पिछले कुछ समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका इलाज श्री राधाहित केलीकुंज आश्रम में चल रहा है। जैसे ही उनकी तबीयत की खबर फैली, देशभर में भक्तों ने उनके स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं शुरू कर दीं। इन्हीं में से एक थी सुफियान की दुआ, जिसने मदीना से प्रेमानंद जी महाराज के लिए दुआ करके सबका ध्यान खींच लिया।
मदीना में संत के लिए मांगी दुआ
वीडियो में सुफियान मदीना की पवित्र मस्जिद के पास खड़ा नजर आता है। वीडियो में वह अपने हाथ उठाकर दुआ करते हुए कहता है- 'हे अल्लाह, भारत के महान संत प्रेमानंद महाराज को जल्द से जल्द ठीक कर दो, ताकि वे अपने भक्तों का मार्गदर्शन करते रहें।' यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर X (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो गया है और हजारों बार शेयर किया जा चुका है।
कौन हैं सुफियान अल्लाहाबादी?
वीडियो में सुफियान ने बताया कि वो प्रयागराज का रहने वाले हैं। उन्होंने कहा- 'संत प्रेमानंद महाराज बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। हमें पता चला कि वे बीमार हैं, इसलिए हमने मदीना से उनके लिए दुआ की। हम भारत से हैं और हम उनका बहुत सम्मान करते हैं। वे सच्चे और नेक इंसान हैं।' सुफियान ने आगे कहा कि धर्म नहीं, इंसानियत मायने रखती है। 'हिंदू या मुस्लिम होना जरूरी नहीं, बल्कि अच्छा और सच्चा इंसान होना ही असली पहचान है।'
सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन
जहां एक तरफ कई लोग सुफ़ियान की इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे भारत की गंगा-जमुनी तहजीब का उदाहरण बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग उसे धमकियां दे रहे हैं और वीडियो हटाने को कह रहे हैं। फिर भी सुफियान अपने फैसले पर अडिग है और कहता है कि उसने यह कदम प्यार और भाईचारे के लिए उठाया है।


Click it and Unblock the Notifications