कौन है ‘कॉकक्रोच जनता पार्टी’ का फाउंडर? एक झटके में BJP को पछाड़ दिया मुंहतोड़ जवाब!
Cockroach Janta Party Founder: सोशल मीडिया की दुनिया में कब क्या वायरल हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। कभी कोई डांस वीडियो ट्रेंड करने लगता है तो कभी कोई मीम पूरी इंटरनेट दुनिया पर छा जाता है। लेकिन इस बार जो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है, वह है 'कॉकक्रोच जनता पार्टी', नाम सुनते ही लोगों को हंसी आती है, लेकिन यही नाम अब सोशल मीडिया पर बड़ा ट्रेंड बन चुका है।

कुछ ही दिनों में इस अकाउंट ने इंस्टाग्राम और एक्स (पहले ट्विटर) पर ऐसा धमाका किया कि लोग हैरान रह गए। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में इसने बीजेपी के ऑफिशियल अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया। ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि आखिर 'कॉकक्रोच जनता पार्टी' क्या है और इसका फाउंडर कौन है?
कौन हैं कॉकक्रोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके?
कॉकक्रोच जनता पार्टी की शुरुआत अभिजीत दीपके नाम के शख्स ने की है। वह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर यानी औरंगाबाद के रहने वाले बताए जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिजीत एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट हैं और राजनीति के डिजिटल कैंपेन पर काम कर चुके हैं।
उन्होंने पुणे से जर्नलिज्म की पढ़ाई की और बाद में अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर डिग्री हासिल की। बताया जाता है कि वह आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा दिल्ली शिक्षा विभाग में कम्युनिकेशन एडवाइजर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब वही अभिजीत सोशल मीडिया पर 'कॉकक्रोच जनता पार्टी' नाम से ऐसा डिजिटल मूवमेंट लेकर आए हैं, जिसने कुछ ही दिनों में इंटरनेट पर तहलका मचा दिया।
आखिर कैसे शुरू हुई कॉकक्रोच जनता पार्टी?
इस पूरे ट्रेंड की शुरुआत एक वायरल बयान के बाद हुई। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी में बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से की गई थी। इसी बयान के बाद इंटरनेट पर मीम्स और मजाकिया पोस्ट बनने लगे।
इसी बीच 16 मई को अभिजीत दीपके ने 'कॉकक्रोच जनता पार्टी' नाम से सोशल मीडिया अकाउंट शुरू किया। शुरुआत में लोगों ने इसे मजाक समझा, लेकिन धीरे-धीरे यह युवाओं के गुस्से और व्यंग्य का बड़ा प्लेटफॉर्म बन गया। आज स्थिति यह है कि इंस्टाग्राम रील्स से लेकर एक्स पोस्ट तक हर जगह इसकी चर्चा हो रही है। खासकर Gen Z यूजर्स इसे लेकर जमकर मीम्स बना रहे हैं।
सिर्फ 6 दिन में BJP से आगे निकल गया अकाउंट
कॉकक्रोच जनता पार्टी की सबसे बड़ी चर्चा इसकी जबरदस्त सोशल मीडिया ग्रोथ को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर इस अकाउंट ने महज 6 दिनों में आर्टिकल लिखने तक 13 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं।
बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर @cockroachjantaparty अकाउंट के फॉलोअर्स की संख्या बीजेपी के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से भी आगे निकल गई। बीजेपी के इंस्टाग्राम हैंडल के करीब 87 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं।
युवाओं को क्यों पसंद आ रही है ये पार्टी?
कॉकक्रोच जनता पार्टी खुद को 'युवाओं की आवाज' बताती है। इसके पोस्ट बेरोजगारी, पेपर लीक, राजनीतिक जवाबदेही और युवा समस्याओं पर व्यंग्यात्मक अंदाज में बनाए जाते हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग मजाकिया अंदाज में खुद को 'पार्टी कार्यकर्ता' और 'भविष्य का नेता' तक बता रहे हैं। इस ट्रेंड ने यह भी दिखा दिया कि आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी और राय को किस तरह वायरल कर सकती है।
क्या है कॉकक्रोच जनता पार्टी का मेनिफेस्टो?
इस पार्टी का मेनिफेस्टो भी काफी मजेदार और व्यंग्यात्मक अंदाज में बनाया गया है। पार्टी खुद को 'सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक और लेजी' बताती है। इसके कुछ वादे सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। इनमें रिटायरमेंट के बाद चीफ जस्टिस को राज्यसभा सीट न देने, संसद में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने और पार्टी बदलने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने जैसी बातें शामिल हैं। हालांकि यह पूरा अभियान फिलहाल एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया मूवमेंट माना जा रहा है, लेकिन इसकी लोकप्रियता ने बड़े राजनीतिक दलों का भी ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है।


Click it and Unblock the Notifications