7 साल से गायब पति की तलाश में दर दर भटक रही थी पत्नी... अचानक वायरल रील ने खोली अय्याशी की पोल पट्टी!

Viral News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी खबर आई है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां एक पति 7 साल से रहस्यमयी तरीके से गायब था। घरवालों और पुलिस ने हर जगह ढूंढा, लेकिन कोई पता नहीं चला। लेकिन अब जनाब अचानक सोशल मीडिया पर रील बनाते हुए दिख गए।
सात साल पहले गायब हुआ पति
इस पूरे केस में मजे की बात ये है कि सात साल पहले गायब हुआ शख्स रील अपनी पत्नी के साथ नहीं बल्कि किसी और महिला के साथ बना रहे थे। पत्नी ने जैसे ही वीडियो देखा, उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं।
शादी, दहेज और फिर गायब होने का खेल
मामला संडीला थाना क्षेत्र का है। यहां मुरारनगर की रहने वाली शीलू की शादी 28 अप्रैल 2017 को आटामऊ गांव के जितेंद्र कुमार उर्फ बबलू से हुई थी। शादी के बाद ससुरालवालों ने सोने की चेन और अंगूठी की डिमांड रख दी। जब ये डिमांड पूरी नहीं हुई, तो शीलू को उसी साल घर से निकाल दिया गया।
इसके बाद शीलू ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। तभी अचानक जितेंद्र "गायब मोड" पर चला गया। उसके पिता ने 2018 में थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट भी लिखाई, लेकिन पुलिस भी उसे ढूंढ नहीं पाई। मामला धीरे-धीरे सबकी यादों से मिट गया।
सोशल मीडिया ने खोली पोल
अब 7 साल बाद शीलू को अपने पति की रील्स सोशल मीडिया पर दिखीं। वीडियो में जितेंद्र किसी दूसरी महिला के साथ लुधियाना में स्टाइल मारते हुए नजर आया। शीलू का दावा है कि पति ने वहीं दूसरी शादी कर ली है और अब आराम से नई बीवी के साथ जिंदगी बिता रहा है। उसने यह भी बताया कि हाल ही में पति से फोन पर उसकी बात भी हुई है।
पत्नी ने लगाया नया आरोप
शीलू ने पति की रील्स और नया प्रार्थनापत्र लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि दहेज केस से बचने के लिए पति और ससुरालवालों ने मिलकर ये पूरा प्लान बनाया था।
पुलिस भी हैरान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। अब युवक की लोकेशन ट्रेस की जाएगी और बरामदगी के बाद कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी। यानी अब "रील लाइफ" छोड़कर जनाब को फिर से "रियल लाइफ" का सामना करना पड़ सकता है।


Click it and Unblock the Notifications