PUBG प्रेम में डूबी शादीशुदा महिला ने पति को दी खौफनाक धमकी, कहा- 'जाने दो वरना टुकड़े करके ड्रम में भर दूंगी'

Viral News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। एक शादीशुदा महिला को PUBG गेम खेलते हुए एक युवक से प्यार हो गया। ये मामला इस वजह से चर्चा में है क्योंकि महिला ने ना सिर्फ अपने पति को छोड़ने की बात कही, बल्कि प्रेमी के लिए अपने बच्चे तक को छोड़ने को तैयार हो गई।
ऑनलाइन गेम से हुई अफेयर की शुरुआत
महिला की पहचान आराधना के रूप में हुई है, जिसकी शादी 2022 में महोबा के शीलू नामक युवक से हुई थी। दोनों का एक डेढ़ साल का बेटा भी है। शादी के कुछ महीनों बाद आराधना को PUBG खेलने की लत लग गई और इसी दौरान उसकी दोस्ती पंजाब के लुधियाना निवासी शिवम से हो गई। धीरे-धीरे ये दोस्ती प्यार में बदल गई।
1000 किमी की दूरी तय करके मिलने पहुंचा प्रेमी
शिवम ने बताया कि वो और आराधना करीब 14 महीने पहले PUBG में मिले थे। हाल ही में आराधना ने शिवम को बताया कि उसका पति उसे मारता-पीटता है। ये सुनकर शिवम 1,000 किलोमीटर का सफर तय कर महोबा पहुंच गया और सीधे आराधना के ससुराल पहुंच गया। उसकी अचानक मौजूदगी से पति और परिवार वाले हैरान रह गए।
घर में हुआ हंगामा, महिला ने दी धमकी
घर पहुंचते ही शीलू और शिवम के बीच झगड़ा हो गया। उसी दौरान आराधना ने पति से कहा कि अगर वह उसके और प्रेमी के बीच आया, तो वह उसे 55 टुकड़ों में काटकर ड्रम में भर देगी- जैसे मेरठ मर्डर केस में हुआ था।
तहसील में हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस ने शिवम को हिरासत में लेकर SDM कोर्ट में पेश किया। इस दौरान आराधना भी वहां पहुंच गई और सबके सामने कहने लगी कि वह अब पति के साथ नहीं, बल्कि प्रेमी के साथ रहना चाहती है। महिला ने अपने पति पर नशे की लत और घरेलू हिंसा का आरोप लगाया और कहा- "अब मुझे प्यार चाहिए, पति नहीं। मैं शिवम के साथ जिंदगी बिताना चाहती हूं।" इस दौरान तीनों के बीच जमकर बहस हुई और तमाशा देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने शिवम पर CRPC की धारा 151 (शांति भंग की आशंका) के तहत मामला दर्ज किया और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।


Click it and Unblock the Notifications