Premanand Maharaj से मिलने के लिए देने पड़ती है फीस? घर, जमीन और प्लॉट बेचने का भी किया जाता है काम?

Premanand Maharaj Vrindavan: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज देश और विदेशों में अपनी भक्ति और ज्ञानवाणी के लिए जाने जाते हैं। हजारों-लाखों भक्त रोज उनसे मिलने और सत्संग में शामिल होने पहुंचते हैं। लेकिन हाल ही में उनके आश्रम की ओर से एक अहम एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें भक्तों को ठगी और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की गई है।
सोशल मीडिया पर चेतावनी
प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्री हित राधा केलि कुंज की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट डालकर जानकारी दी गई कि आश्रम का नाम लेकर कई लोग गलत तरीके से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसलिए भक्त ऐसे लोगों के बहकावे में न आएं।
आश्रम ने किया साफ ऐलान
एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि 'आश्रम की किसी भी तरह की शाखा (Branch) कहीं भी मौजूद नहीं है। यहां से कोई जमीन, फ्लैट, मकान या प्लॉट नहीं बेचा जाता। आश्रम का कोई होटल, ढाबा, स्कूल, चिकित्सालय या यात्री निवास नहीं है। यहां की कोई गौशाला भी नहीं चलती। आश्रम कंठी माला, पूजा सामग्री या श्रृंगार सामग्री की बिक्री नहीं करता। इसके अलावा आश्रम किसी भी तरह का विज्ञापन भी जारी नहीं करता।
सेवाएं निःशुल्क हैं
आश्रम ने यह भी बताया कि यहां होने वाले सत्संग, कीर्तन, प्रवचन और वाणी पाठ पूरी तरह से निःशुल्क हैं। बस भक्तों को इसमें शामिल होने से एक दिन पहले अपना नाम दर्ज कराना अनिवार्य है।
भक्तों से की गई अपील
आश्रम ने भक्तों से कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति प्रेमानंद महाराज या आश्रम के नाम से धोखाधड़ी करता है या गलत जानकारी देता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। सही जानकारी के लिए केवल श्री हित राधा केलि कुंज आश्रम, वृंदावन के सेवा भवन या पूछताछ केंद्र से ही संपर्क करें।
इस तरह, प्रेमानंद महाराज के आश्रम ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि भक्त किसी भी फर्जीवाड़े का शिकार न हों और उन्हें सही मार्गदर्शन मिल सके।


Click it and Unblock the Notifications