नेटवर्थ के मामले में इस देसी हीरो ने शाहरुख को भी पछाड़ा, यूट्यूब से खड़ी की कंपनी और आज बन बैठा अरबपति

Alakh Pandey vs Shah Rukh Khan net worth: जब भी अमीरी का जिक्र होता है तो शाहरुख खान का नाम जरूर लिया जाता है। उनका शाही अंदाज... लैविश लाइफस्टाइल हर किसी का दिल जीत लेता है। हर एक आम आदमी शाहरुख की तरह अपनी जिंदगी जीने की ख्वाहिश रखता है लेकिन अगर आपके दिमाग में भी किंग खान को लेकर ऐसी ही इमेज है तो आज हम आपको चौंकाने वाले हैं।
आज हम आपको एक ऐसे शख्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो शाहरुख खान की तरह फेमस तो नहीं है लेकिन हां नेटवर्थ के मामले में किंग खान से आगे जरूर हैं। जी हां, शाहरुख खान जो कि लोगों के दिलों के बेताज बादशाह हैं लेकिन जिस शख्स के बारे में हम आपको बता रहे हैं उसने लाखों बच्चों की किस्मत को पलटा है और उन्हें सही राह दिखाकर एक कामयाब इंसान बनाने की कोशिश की है। हम बात कर रहे हैं एडटेक कंपनी फिजिक्स वाला (Physics Wallah) के फाउंडर अलख पांडे की।
अलख पांडे ने अपनी मेहनत और सोच के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसके बारे में सोच पाना भी एक आम इंसान के लिए बस एक सपना ही है। पिछले एक साल में उनकी नेटवर्थ में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है और अब वे हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 (Hurun India Rich List 2025) में जगह बना चुके हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि उनकी नेटवर्थ अब बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से भी ज्यादा हो गई है।
अलख पांडे की नेटवर्थ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलख पांडे की नेटवर्थ तकरीबन 14,510 करोड़ पहुंच गई है। वहीं, शाहरुख खान की नेटवर्थ 12,490 करोड़ बताई जा रही है। अलख पांडे की ये कामयाबी बताती है कि खुली आंखों से भी देखे गए सपने सच होते हैं... बस उनमें शिद्दत होनी चाहिए। तभी तो एक समय में छोटे शहर से पढ़ाई करने वाला ये बंदा आज बॉलीवुड के सबसे अमीर सुपरस्टार से भी आगे निकल चुका है।
यूपी के छोटे से शहर से की शुरुआत
अलख पांडे, जो अब देश के जाने-माने उद्यमी (Entrepreneur) हैं, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले हैं। उन्होंने हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी, कानपुर (HBTU Kanpur) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन तीसरे साल में ही उन्होंने कोर्स छोड़ दिया। पढ़ाई छोड़ने के बाद उन्होंने बच्चों को पढ़ाना शुरू किया और यही उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
ऐसे हुई Physics Wallah की शुरुआत
अलख ने साल 2016 में YouTube चैनल 'Physics Wallah' शुरू किया था। शुरुआत में वे बहुत ही साधारण तरीके से बच्चों को फिजिक्स पढ़ाते थे, बेहद आसान भाषा में इतने कठिन सब्जेक्ट को सिखाने के उनके हुनर ने उन्हें जल्दी ही लोगों का फेवरेट बना दिया। देखते ही देखते उनका चैनल तेजी से बढ़ने लगा और कुछ ही सालों में Physics Wallah एक बड़ी कंपनी में तब्दील हो गई।
कंपनी की कमाई और नुकसान
हालांकि बीते कुछ सालों में कंपनी को आर्थिक तौर पर काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद कंपनी की इनकम लगातार बढ़ी है। फाइनेशियल ईयर 2025 में कंपनी को 243 करोड़ का नुकसान हुआ, लेकिन इसकी कुल इनकम 2,886 करोड़ रही, जो पिछले साल के 1,940 करोड़ से काफी ज्यादा है।
बढ़ सकती है अलख पांडे की नेटवर्थ
आपको जानकर हैरानी होगी कि कंपनी जल्द ही शेयर मार्केट (IPO) में उतरने की तैयारी में है। अगर अलख पांडे की कंपनी का IPO कामयाब होता है तो शाहरुख और अलख पांडे की नेटवर्थ का फासला और ज्यादा बढ़ सकता है।
मेहनत और जुनून का नतीजा
अलख पांडे की कहानी इस बात की मिसाल है कि अगर किसी के अंदर मेहनत, लगन और कुछ नया करने की इच्छा हो, तो वो किसी भी मुश्किल को पार कर सकता है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि बड़े सपनों के लिए बड़े शहरों की नहीं, बल्कि बड़ी सोच की जरूरत होती है।


Click it and Unblock the Notifications


