20 कारीगर और 500 घंटे में तैयार हुई ये साड़ी, Cannes 2026 में पहन पहुंची डांस क्रिएटर निधि कुमार
Nidhi Kumar Cannes Look: निधि कुमार ने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में ऐसा कमाल कर दिया, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर अपने डांस वीडियोज से लोगों का दिल जीतने वाली निधि अब इंटरनेशनल मंच पर भी भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। वह कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर वॉक करने वाली पहली भारतीय डांस क्रिएटर बन गई हैं।

उनका यह खास पल सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे इंडियन डिजिटल और डांस कम्युनिटी के लिए बेहद गर्व की बात माना जा रहा है। कान्स के रेड कार्पेट पर निधि का देसी अंदाज देखते ही बन रहा था। खास बात ये है कि उन्होंने अपने इस लुक के जरिए बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित को खास ट्रिब्यूट दिया।
माधुरी दीक्षित के आइकॉनिक लुक से लिया इंस्पिरेशन
कान्स फिल्म फेस्टिवल में निधि कुमार ने जो साड़ी पहनी, वह कोई साधारण आउटफिट नहीं था। उनका पूरा लुक माधुरी दीक्षित के आइकॉनिक गानों और डांस स्टाइल से इंस्पायर्ड था।
निधि ने खुद इंस्टाग्राम पर बताया कि वह अपने इस खास लुक के जरिए डांस, इंडिया और अपनी जर्नी को एक साथ दुनिया के सामने पेश करना चाहती थीं। यही वजह है कि उनके आउटफिट की हर डिटेल में भारतीय सिनेमा और डांस की झलक दिखाई दी।
डिजाइनर रचित खन्ना ने तैयार की खास साड़ी
निधि कुमार की इस यूनिक साड़ी को डिजाइनर रचित खन्ना ने तैयार किया। यह एक कस्टम मेड साड़ी थी, जिसे खास तौर पर कान्स फिल्म फेस्टिवल के लिए बनाया गया था।
अगर साड़ी की बात करें तो निधि ने पिंक ब्लाउज के साथ पर्पल और ऑरेंज शेड वाली साड़ी पहनी थी। इस साड़ी में फ्लेयर्स दिए गए थे, जो माधुरी दीक्षित के सुपरहिट गाने 'एक दो तीन' के लुक की याद दिला रहे थे।
साड़ी के पल्लू पर दिखे माधुरी के आइकॉनिक डांस स्टेप्स
निधि कुमार के इस आउटफिट की सबसे खास बात थी उनकी साड़ी का पल्लू। अगर ध्यान से देखा जाए तो पल्लू पर माधुरी दीक्षित के कई आइकॉनिक डांस स्टेप्स प्रिंट किए गए थे।
डिजाइनर रचित खन्ना के मुताबिक, इस साड़ी के रंग और डिजाइन में माधुरी दीक्षित के सुपरहिट गानों 'एक दो तीन', 'दीदी तेरा देवर दीवाना' और 'धक धक करने लगा' से इंस्पिरेशन ली गई थी। यही वजह है कि यह साड़ी सिर्फ फैशन नहीं बल्कि बॉलीवुड और डांस को दिया गया एक खूबसूरत ट्रिब्यूट बन गई।
घुंघरू वाली पोटली बैग ने खींचा सबका ध्यान
निधि कुमार ने अपने लुक को और खास बनाने के लिए गोल्डन रंग का पोटली बैग कैरी किया था। इस बैग पर कई छोटे-छोटे घुंघरू लगे हुए थे, जो उनके डांस बैकग्राउंड को खूबसूरती से दर्शा रहे थे।
निधि ने बताया कि यह घुंघरू बैग पूरी तरह हैंडक्राफ्टेड था। इतना ही नहीं, उनकी साड़ी के फ्रंट हिस्से में भी घुंघरू चेन लगाई गई थी, जिसने पूरे लुक में एक अलग ही चार्म जोड़ दिया।
20 कारीगरों ने 500 घंटे में तैयार की साड़ी
रचित खन्ना ने खुलासा किया कि निधि कुमार की इस खास साड़ी को तैयार करने में करीब 500 घंटे का वक़्त लगा। इस आउटफिट पर लगभग 20 कारीगरों ने मिलकर काम किया था। हर छोटी डिटेल को बेहद बारीकी से डिजाइन किया गया, ताकि यह आउटफिट सिर्फ खूबसूरत ही नहीं बल्कि यादगार भी बने।
पति के साथ रेड कार्पेट पर दिखीं निधि
कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर निधि कुमार अपने पति के साथ नजर आईं। उन्होंने कहा कि अपने पति के साथ इस बड़े मंच पर चलना उनके करियर का सबसे बड़ा और सबसे खास पल है। उनकी तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस उनके इस देसी और क्रिएटिव अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications