Mohammed Shami को कोर्ट से बड़ा झटका, पत्नी और बेटी को हर महीने देने होंगे 4 लाख रुपये

Mohammed Shami wife maintenance case: टीम इंडिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पर्सनल लाइफ से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कोलकाता हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि शमी को अपनी अलग रह रही पत्नी हसीन जहां और बेटी के लिए हर महीने 4 लाख रुपये देने होंगे।
इस ऑर्डर के मुताबिक, हसीन जहां को हर महीने 1.5 लाख रुपये और बेटी की देखभाल के लिए 2.5 लाख रुपये देने होंगे। यह फैसला जस्टिस अजय मुखर्जी ने सुनाया है।
सात लाख रुपए मांगे थे
दरअसल, हसीन जहां ने पहले कोर्ट में दावा किया था कि उनकी महीने की जरूरतें बहुत ज्यादा हैं और शमी की सालाना कमाई इतनी है कि वो ज्यादा खर्च उठा सकते हैं। उन्होंने पहले 7 लाख रुपये महीने के खर्च और 3 लाख रुपये बेटी की पढ़ाई के लिए मांगे थे, लेकिन उस वक्त कोर्ट ने ये कहकर याचिका खारिज कर दी थी कि हसीन खुद कमाती हैं।
हसीन ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया
पहले एक अलीपुर कोर्ट ने शमी को 80 हजार रुपये हर महीने देने को कहा था। बाद में ये रकम घटाकर पत्नी के लिए 50 हजार और बेटी के लिए 80 हजार कर दी गई। लेकिन हसीन इस फैसले से संतुष्ट नहीं थीं, इसलिए उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने कोर्ट में कहा कि उनका महीने का खर्च 6.5 लाख रुपये से ज्यादा है और शमी की कमाई करीब 7.5 करोड़ रुपये सालाना है।
हसीन के पक्ष में सुनाया फैसला
कोर्ट ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हसीन के पक्ष में फैसला सुनाया। इस फैसले के बाद शमी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। वैसे भी वे पिछले कुछ समय से चोटों और निजी विवादों के चलते परेशान चल रहे हैं।
शमी की टेस्ट टीम में वापसी कब होगी?
शमी ने आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था। उसके बाद उन्होंने टखने की सर्जरी करवाई, जिससे वह तो ठीक हो गए, लेकिन अब उन्हें घुटने में दर्द हो रहा है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाकी तीन टेस्ट में उन्हें नहीं चुना गया और इंग्लैंड दौरे की टीम में भी उनका नाम नहीं आया।
चयन समिति के अध्यक्ष अजीत ने कहा- "शमी फिलहाल फिट नहीं हैं और टेस्ट क्रिकेट के दबाव को नहीं झेल सकते। मेडिकल टीम ने बताया है कि उनका शरीर फिलहाल रेड बॉल क्रिकेट के लिए तैयार नहीं है।"


Click it and Unblock the Notifications