Fact Check: काले-लंबे-घने-सिल्की कमर से भी लंबे बाल लेकर पैदा हुई बच्ची का वीडियो हो रहा है वायरल, जाने हकीकत

Long Hair New Born Girl Viral Video: आमतौर पर जब बच्चे पैदा होते हैं तो किसी के बाल होते हैं और किसी के नहीं। लेकिन पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सिर्फ एक घंटे पहले जन्मी बच्ची के बाल उसकी कमर से भी नीचे तक हैं। यह वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया जा रहा है। कुछ लोग इसे भगवान का चमत्कार बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि ऐसा होना नामुमकिन है। कई लोग यह भी शक जता रहे हैं कि यह वीडियो AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया हो सकता है।
हमने इस वायरल वीडियो की सच्चाई जानने की कोशिश की और इसके लिए एक मुफ्त ऑनलाइन टूल का इस्तेमाल किया, जो यह बता सकता है कि वीडियो असली है या नकली।
वीडियो इतनी तेजी से फैल रहा है कि यह समझना मुश्किल है कि यह किस देश का है। अलग-अलग वीडियो में बच्ची अलग-अलग लोगों की गोद में नजर आ रही है। कहीं वह मां के साथ दिखाई देती है, तो कहीं डॉक्टर और नर्स उसे पकड़े हुए दिखते हैं। कुछ वीडियो में लोग हिंदी में बात करते सुनाई देते हैं, जिससे यह दिखाने की कोशिश की गई है कि बच्ची भारत की है। एक वीडियो में लोग आपस में कहते भी नजर आते हैं कि क्या यही वह बच्ची है, जो लंबे बालों के साथ पैदा हुई थी और वायरल हो गई।
लेकिन जब इन वीडियो को ध्यान से देखा गया, तो कई गड़बड़ियां नजर आईं। लोगों के चेहरे साफ नहीं दिखते, होंठों की आवाज मेल नहीं खाती और हर वीडियो में बच्ची के बालों की लंबाई अलग-अलग दिखाई देती है।
ऑनलाइन टूल से जांच करने पर पता चला कि यह वीडियो करीब 98 प्रतिशत तक AI से बनाया गया है। वैसे भी अब तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है, जिसमें कोई बच्चा जन्म के समय कमर से भी लंबे और बिल्कुल सीधे बालों के साथ पैदा हुआ हो।
कुल मिलाकर, यह वीडियो अजीब और चौंकाने वाला जरूर है, इसी वजह से लोग इसे खूब देख और शेयर कर रहे हैं। लेकिन जांच में साफ हो गया है कि यह वीडियो असली नहीं, बल्कि पूरी तरह AI से बनाया गया है। इसलिए ऐसे वायरल वीडियो पर भरोसा करने से पहले सच्चाई जरूर जांचनी चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications











