गोवा नाइटक्लब में आग की वीडियो वायरल, बैली डांस कर रही थी डांसर तभी छत से बरसने लगे शोले

Goa Nightclub Fire Video: उत्तरी गोवा के एक नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में हादसे के ठीक पहले का दृश्य दिखाई देता है। आग लगने के समय क्लब के अंदर एक महिला डांसर 'महबूबा ओ महबूबा' गाने पर बेली डांस कर रही थी। वहां मौजूद लोग डांस का आनंद ले ही रहे थे कि अचानक क्लब की छत के कांच टूटकर गिरने लगे और देखते ही देखते आग की तेज लपटें दिखाई देने लगीं। आग भड़कते ही अफरातफरी मच गई और डांसर सहित सभी लोग तुरंत रुककर इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, नाइट क्लब का मुख्य एग्जिट गेट काफी छोटा था, जिसकी वजह से लोगों को बाहर निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी कारण कई लोग किचन की ओर भागे, और वहां फंस जाने से कई की जान चली गई। इस भीषण हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने नाइट क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, क्लब बिना अनिवार्य 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) के चल रहा था। आग का कारण उस पार्टी के दौरान किया जा रहा एक फायर शो बताया जा रहा है। बताया गया कि आग लकड़ी के ढांचे में तेजी से फैल गई और धुआं बेसमेंट तक पहुंच गया, जहां कई लोग फंस गए थे। अधिकांश लोगों की मौत दम घुटने से हुई।
फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के डायरेक्टर नितिन वी. रायकर ने पुष्टि की कि क्लब के पास न तो फायर NOC था, न ही आग से बचाव के कोई इंतजाम। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया।


Click it and Unblock the Notifications











