पत्नी-देवर ने मिलकर की पति की हत्या, पहले दी नींद की गोलियां, फिर दिया करंट, इंस्टाग्राम चैट में खुली पोल!

Delhi Karan Dev Murder: दिल्ली के द्वारका से सामने आई एक वारदात ने हर किसी को हिला कर रख दिया है। जो मौत पहले एक हादसा लग रही थी, वो असल में प्यार, धोखा और हत्या की खौफनाक साजिश थी। 36 साल के करण देव की मौत को सबने करंट लगने से हुई दुर्घटना समझा, लेकिन जब सच्चाई सामने आई, तो सबके होश उड़ गए।
हादसे की असली कहानी
13 जुलाई की सुबह करण की पत्नी सुष्मिता उसे अस्पताल लेकर पहुंची। उसने दावा किया कि करण को बिजली का झटका लगा है। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुष्मिता, उसका चचेरा भाई राहुल (जो दरअसल उसका प्रेमी था) और राहुल के पिता- तीनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। लेकिन पुलिस को शक था, इसलिए उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्टाग्राम चैट्स से खुली हत्या की परतें
तीन दिन बाद करण के छोटे भाई कुणाल को राहुल का फोन मिला। फोन में जो कुछ था, उसने पूरे केस की दिशा ही बदल दी। राहुल और सुष्मिता की इंस्टाग्राम चैट्स में साफ था कि दोनों के बीच पिछले दो साल से अफेयर चल रहा था। यही नहीं, दोनों ने करण को मारने की पूरी प्लानिंग पहले ही बना रखी थी।
चैट में क्या था
करण को खाने में दी गईं 15 नींद की गोलियां। फिर गूगल पर सर्च किया गया- "इतनी गोलियों से मौत में कितना वक्त लगेगा?" जब असर नहीं हुआ तो राहुल ने लिखा: "कुछ समझ नहीं आ रहा तो करंट दे दो..." इसके बाद सुष्मिता ने करण को टेप से बांधकर बिजली का झटका दिया ताकि लगे कि मौत एक्सीडेंट से हुई है।
पोस्टमार्टम में असलियत आई सामने
पोस्टमार्टम में मौत का कारण साफ हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुष्मिता और राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों करण की प्रॉपर्टी और साथ रहने की प्लानिंग कर चुके थे। उन्होंने उसे हटाने के लिए ये पूरी साजिश रची।
दिल्ली का यह मर्डर केस भरोसे, रिश्ते और प्यार की सबसे डरावनी हकीकत दिखाता है। मुस्कान के पीछे छिपे झूठ और मौत के खेल ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। कभी-कभी जो रिश्ता बाहर से खूबसूरत लगता है, उसके पीछे छिपी कहानी इतनी खौफनाक होती है कि रूह कांप जाए।


Click it and Unblock the Notifications