Atheist Krishna नहीं रहे, PM मोदी का बनाया था ऐसा मीम, कि खुद को हंसने से रोक नहीं पाए थे प्रधानमंत्री!

Atheist Krishna death: सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी मजेदार मीम्स और फोटोशॉप स्किल्स से मशहूर हुए एथिस्ट कृष्णा का निधन हो गया है। वे निमोनिया से पीड़ित थे और इसी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनके फॉलोअर्स और कई नामचीन लोग इस खबर से सदमे में हैं और सोशल मीडिया पर शोक जता रहे हैं।
आखिरी मैसेज ने तोड़ दिया दिल
एक सोशल मीडिया यूजर ने बताया कि कृष्णा ने उन्हें मैसेज करके कहा था कि उन्हें निमोनिया हो गया है, फेफड़ों में पानी भर गया है और ऑपरेशन की जरूरत है। उन्होंने ये भी लिखा था- "अगर मैं इससे बच गया तो यह चमत्कार होगा।" लेकिन बुधवार को उसी यूजर को कृष्णा के भाई का मैसेज मिला, जिसमें बताया गया कि अब कृष्णा इस दुनिया में नहीं रहे।
ओडिशा से लेकर हैदराबाद तक का सफर
कृष्णा ओडिशा के रहने वाले थे, लेकिन उन्होंने विशाखापत्तनम और हैदराबाद में भी समय बिताया। वे अपने अनोखे मीम्स के लिए जाने जाते थे जो राजनीति, फिल्मों और पॉप कल्चर पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करते थे।
जब खुद पीएम मोदी ने किया था मीम शेयर
2024 लोकसभा चुनावों से पहले, कृष्णा का एक मीम वायरल हुआ था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रैपर के मंच पर डांस करते दिखाए गए थे। यह वीडियो इतना वायरल हुआ कि खुद पीएम मोदी ने इसे एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर किया और लिखा- 'आप सभी की तरह, मुझे भी खुद को नाचते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा। चुनावी मौसम में ऐसी क्रिएटिविटी वाकई आनंददायक है! #PollHumour"
अक्षय कुमार ने की थी तारीफ
कृष्णा को बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने भी पसंद किया था। अक्षय ने उन्हें उनके मीम्स के लिए तारीफ करते हुए कहा था कि वे साफ-सुथरे और सच्चे हास्य से लोगों को हंसाते हैं। अक्षय ने यहां तक कहा था कि उन्होंने उनका मीम खुद प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया था और उन्हें भी बहुत हंसी आई थी। इस पर कृष्णा ने जवाब में लिखा था - "वाह!!! ट्विटर पर मेरे साथ हुई यह सबसे अच्छी बात है। शुक्रिया अक्षय कुमार सर।"
कृष्णा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है। कई बड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।


Click it and Unblock the Notifications











