अर्शदीप सिंह के अचानक बदले तेवर से मचा इंटरनेट पर हड़कंप, 200 से ज़्यादा पोस्ट की डिलीट, क्या है मामला?
Arshdeep Singh Deleted Instagram Posts: क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने अचानक ऐसा कदम उठा लिया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से 200 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कर दिए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी प्रोफाइल फोटो भी बदल दी है, जिसके बाद फैंस लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर मामला क्या है।

सबसे ज्यादा चर्चा उस वायरल रील को हटाने को लेकर हो रही है, जिसमें वह विराट कोहली के साथ मजेदार बातचीत करते नजर आए थे। इस वीडियो को करोड़ों लोगों ने देखा था और फैंस को दोनों की बॉन्डिंग काफी पसंद आई थी।
विराट कोहली वाली वायरल रील भी गायब
अर्शदीप सिंह के इंस्टाग्राम से जो पोस्ट गायब हुई हैं, उनमें विराट कोहली के साथ बनाई गई वायरल रील भी शामिल है। यह वीडियो पिछले साल दिसंबर में शेयर किया गया था और इसे 1.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे। वीडियो में अर्शदीप मजाक करते हुए विराट से कहते नजर आए थे कि अगर थोड़ा बड़ा टारगेट होता तो वह लगातार तीसरी सेंचुरी लगा देते।
इस पर विराट कोहली ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया था। दोनों की यह बातचीत सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी, लेकिन अब वह रील उनकी प्रोफाइल पर नजर नहीं आ रही।
IPL 2026 में रहा खराब प्रदर्शन
अर्शदीप सिंह के इस फैसले को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे उनके हालिया खराब प्रदर्शन से जोड़कर देख रहे हैं। IPL 2026 में अर्शदीप का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 14 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी भी 10 से ऊपर रही।उनकी टीम पंजाब किंग्स लीग स्टेज के बाद ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचना का सामना भी करना पड़ा।
इंस्टाग्राम पर अब सिर्फ 44 पोस्ट
कुछ दिन पहले तक अर्शदीप सिंह के अकाउंट पर सैकड़ों पोस्ट मौजूद थीं, लेकिन अब उनके प्रोफाइल पर सिर्फ 44 पोस्ट दिखाई दे रही हैं। फैंस लगातार यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने अचानक इतना सोशल मीडिया क्लीनअप क्यों किया। हालांकि अभी तक अर्शदीप या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
PBKS की नई सोशल मीडिया पॉलिसी से जुड़ रहा मामला
दिलचस्प बात यह है कि अर्शदीप सिंह का यह कदम ऐसे समय पर सामने आया है, जब हाल ही में रिपोर्ट्स आई थीं कि अब पंजाब किंग्स खिलाड़ियों से जुड़े वीडियो और कंटेंट सिर्फ टीम के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से ही शेयर किए जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को सोशल मीडिया गाइडलाइंस को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट में टीम के एक सूत्र के हवाले से कहा गया कि खिलाड़ियों को BCCI की नई गाइडलाइंस पढ़कर सुनाई जाएंगी और सभी को नियमों का पालन करना होगा।


Click it and Unblock the Notifications