अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद पार्टी करते दिखे Air India के अधिकारी, परिवार को अब तक नहीं मिले शव और ये लोग...

Viral Video: जहां पूरा देश फ्लाइट AI171 हादसे में जान गंवाने वाले 270 लोगों के दुख में डूबा है, वहीं Air India SATS (AISATS) के कुछ बड़े अधिकारी हादसे के सिर्फ 8 दिन बाद डीजे पार्टी में डांस करते नजर आए। यह पार्टी गुरुग्राम स्थित उनके ऑफिस में हुई थी और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अधिकारी पार्टी कर रहे
इस वीडियो को देखने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। अब भी कई परिवार अपने परिजनों के शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं। 21 जून तक 220 में से सिर्फ 202 शवों की पहचान हो पाई थी और उन्हें सौंपा गया था। बाकी शव अब भी डीएनए जांच के लिए रखे हुए हैं।
पार्टी में AISATS के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अब्राहम जकारिया, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर, और बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के जनरल मैनेजर संप्रीत कोटियन के शामिल होने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद AISATS विवादों में घिर गई है।
कौन है AISATS?
AISATS एक जॉइंट वेंचर है टाटा ग्रुप की Air India Limited और सिंगापुर की SATS Ltd के बीच। इन दोनों के बीच 50:50 की हिस्सेदारी है। यह कंपनी एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग की जिम्मेदारी संभालती है- जिनमें वो Dreamliner विमान भी शामिल था जो 12 जून को हादसे का शिकार हुआ।
कैसे हुआ था फ्लाइट AI171 हादसा?
12 जून को Air India की फ्लाइट AI171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद इसका इंजन खराब हो गया और विमान एक घनी बस्ती में बने हॉस्टल पर गिर पड़ा। हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, और कुछ लोग जमीन पर भी मारे गए।
शवों की हालत इतनी खराब थी कि उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया। ज्यादातर पहचान फॉरेंसिक डीएनए जांच से ही मुमकिन हो पाई है।
कंपनी की सफाई और लोगों की नाराजगी
जब वीडियो वायरल हुआ तो AISATS ने सफाई में कहा- "यह वीडियो संदर्भ से हटकर फैलाया जा रहा है, लेकिन हम किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचने के लिए खेद व्यक्त करते हैं।" हालांकि, सोशल मीडिया पर लोग इस सफाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि जब परिवार अपने प्रियजनों की अंत्येष्टि तक नहीं कर पाए हैं, उस समय ऑफिस पार्टी करना इनसेंसिटिव है।
सरकार और टीमों की कोशिश जारी
गुजरात सरकार, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम अब भी दिन-रात काम कर रही है ताकि बाकी शवों की पहचान हो सके और उन्हें परिजनों को सौंपा जा सके।


Click it and Unblock the Notifications