Biker Dadi: हवा से बातें करती हैं ये दादियां, 87 साल की उम्र में इंटरनेट पर आग लगा रही हैं आग!

Biker Dadi viral story: अहमदाबाद की दो जोशीली बहनें आजकल इंटरनेट पर छाई हुई हैं। 87 साल की मंदाकिनी शाह और उनकी छोटी बहन उषा को लोग प्यार से "बाइकर दादी" कह रहे हैं। उनकी स्कूटर राइड के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और ये दोनों साबित कर रही हैं कि सपनों और शौक की कोई उम्र नहीं होती।
बाइकर दादी की दिलचस्प कहानी
इन दोनों बहनों की कहानी तब और फैल गई जब Humans of Bombay ने मंदाकिनी की कहानी अपने प्लेटफॉर्म पर शेयर की। इस पोस्ट में मंदाकिनी ने बताया कि उन्हें अब भी अपनी बहन उषा के साथ स्कूटर पर घूमना बहुत पसंद है। उनके चेहरे की मुस्कान और आंखों की चमक यह बताती है कि बाइक राइडिंग उनके लिए सिर्फ सफर नहीं, बल्कि खुशी का एहसास है।
मंदाकिनी का सफर कई साल पहले शुरू हुआ था। नौकरी पर जाने के लिए उन्हें दूर जाना पड़ता था, इसलिए उन्होंने पहले मोपेड चलाना सीखा। फिर जीप चलाई और आखिर में उन्होंने सेकेंड-हैंड स्कूटर खरीदा, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी।
क्यों आज भी चलाती हैं स्कूटर
आज भी जब वह स्कूटर लेकर सड़क पर निकलती हैं, लोग रुककर हैरान होकर देखते हैं। कई बार ट्रैफिक पुलिस उनसे मजाक-मजाक में पूछती है- "बा, आप अभी भी स्कूटर क्यों चलाती हैं?" इस पर वह हंसते हुए कहती हैं- "भला उन्हें कैसे समझाऊं कि हवा का झोंका आज भी मुझे 16 साल जैसा महसूस करवाता है?"
रोज दोस्तों से मिलती हैं
उम्र ने भले ही उनके कदमों को थोड़ा धीमा किया हो, लेकिन उनका जुनून और हिम्मत आज भी जवान है। वह रोज दोस्तों से मिलती हैं, गाना गाती हैं, खेलती हैं और लोगों को नई चीजें सिखाती हैं।
मंदाकिनी गर्व से कहती हैं- "मैंने हमेशा वो जिंदगी जी है, जिसकी उम्मीद समाज ने मेरे लिए नहीं की थी। और मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है!"
इसी तरह हरियाणा के एक 80 साल के बुजुर्ग ने भी हाल ही में 15,000 फीट की ऊंचाई से स्काइडाइव करके इंटरनेट को हैरान कर दिया। वह भी साबित कर रहे हैं कि अगर दिल जवान हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती।


Click it and Unblock the Notifications











