'मेरी भाभी' से छवि बदलना चाहती हैं ईशा
छोटे पर्दे की कलाकार ईशा कंसारा स्टार प्लस के नए धारावाहिक 'एक ननद की खुशियों की चाबी..मेरी भाभी' में एक मस्तमौला और हंसमुख लड़की कृतिका की भूमिका में नजर आएंगी।
ईशा ने इससे पहले धारावाहिक 'मुक्ति बंधन' में एक सशक्त और कठोर महिला देवकी का किरदार निभाया था। उन्होंने कहा कि नए धारावाहिक में उनकी भूमिका पहले से बिल्कुल अलग है और वह नए किरदार के माध्यम से अपनी पिछली छवि से बाहर निकलना चाहती हैं।

ईशा ने आईएएनएस को बताया, "धारावाहिक के लिए हामी भरने का पहला कारण था कि इसमें मेरा किरदार पहले से बिल्कुल अलग है। देवकी एक सशक्त और कठोर व्यवसायी महिला थी। जबकि कृतिका मस्तमौला और हंसमुख है। उसकी एक मुस्कुराहट से लोग अपनी परेशानियां भूल जाते हैं। मैं देवकी की छवि से बाहर आना चाहती हूं। उम्मीद है कि दर्शक मुझे कृतिका के रूप में पसंद करेंगे।"
धारावाहिक 'मेरी भाभी' मंगलवार से स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहा है। धारावाहिक में ननद-भाभी के रिश्ते का चित्रण किया गया है।
ईशा ने धारावाहिक में अभिनेत्री कांची कुराल के साथ काम किया है। उन्होंने कहा, "कांची काफी मजेदार है, उसके साथ धारावाहिक के सेट पर मुझे बिल्कुल ऊब महसूस नहीं होती।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications