ट्रेंडिंग टीवी न्यूज़: पायल रोहतगी - संग्राम सिंह की शादी की तस्वीरें, करण वाही की सीरियल में 10 साल बाद वापसी
टीवी की दुनिया में इस हफ्ते काफी रौनक लगी बिग बॉस और लॉक अप जैसे रियलिटी शो की प्रतिभागी पायल रोहतगी की शादी के साथ। पायल रोहतगी ने 9 जुलाई को अपने बॉयफ्रेंड संग्राम सिंह से शादी कर ली। ये शादी आगरा में हुई और शादी की तस्वीरों में पायल और संग्राम बेहद खूबसूरत नज़र आए।
पायल, संग्राम से एक रियलिटी शो पर ही मिली थीं। इसके बाद दोनों एक दूसरे को डेट करने लगे। 2014 में संग्राम ने पायल से सगाई कर ली और तब से ये कपल लिव इन रिलेशनशिप में था।

हाल ही में Mx Player पर आए शो लॉकअप में पायल रोहतगी प्रतिभागी के तौर पर दिखाई दीं। इस शो के दौरान ही उन्होंने अपना दुख, साथियों के साथ शेयर किया और बताया कि वो संग्राम से शादी करना चाहती हैं लेकिन अभी तक दोनों की शादी नहीं हुई है क्योंकि इसमें काफी दिक्कतें हैं। पायल को दुखी देख, संग्राम ने तभी एलान कर दिया था कि वो जल्दी ही शादी करेंगे और आखिरकार, संग्राम ने अपना वादा पूरा भी किया।
पायल रोहतगी की शो पर किसी भी प्रतिभागी से नहीं बनी। लेकिन पूछे जाने पर उनका कहना था कि वो सभी को न्योता देंगी। इतना ही नहीं, शो की होस्ट कंगना रनौत को काफी खरी खोटी सुनाने के बावजूद पायल का कहना था कि वो कंगना को अपनी शादी के रिसेप्शन का न्योता ज़रूर देंगी।
पायल और संग्राम ने एक साथ नच बलिए में हिस्सा लिया था। उस दौरान, दोनों लिव इन रिलेशनशिप में थे। अपनी शादी की रस्मों में पायल खूबसूरत दिखीं। उनकी मेहंदी और हल्दी की रस्म की तस्वीरें काफी वायरल हुईं। पायल रोहतगी के अलावा, टीवी की दुनिया में इस हफ्ते काफी स्टार्स ने सुर्खियां बटोरी।

टीवी पर लौटे करण वाही
टीवी की दुनिया के सुपरस्टार करण वाही ने सालों बाद डेली सोप पर अपनी वापसी की है। करण वाही यूं तो टीवी की दुनिया का जाना माना चेहरा हैं लेकिन वो अक्सर या तो किसी रियलिटी शो को होस्ट करते नज़र आते हैं या फिर किसी रियलिटी शो में बतौर प्रतिभागी नज़र आते हैं। करण ने टीवी सीरियल करना काफी पहले छोड़ दिया था। उन्होंने 2012 में आखिरी टीवी सीरियल किया था। अब 10 साल बाद करण वाही, स्टार भारत पर नियति फातनानी के साथ सीरियल चन्ना मेरेया के साथ अपनी वापसी कर चुके हैं।

एमटीवी रोडीज़ का ग्रांड फिनाले
एमटीवी रोडीज़ जर्नी टू साउथ अफ्रीका का फिनाले वीक, दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है। जहां, सेमी फिनाले में तीन जोड़ियां पहुंची थीं जो थीं -गौरव - सिमी, आशीष - नंदू, जसवंत - युक्ति वहीं केविन और मूस की जोड़ी पहले ही ग्रांड फिनाले का टिकट हासिल कर चुकी है। सेमी फाईनल का टास्क तीन जोड़ियों में था जहां गौरव सिमी की जोड़ी के पास पिछला टास्क जीतने की वजह से 1 मिनट की बढ़त थी। फिर भी वो आशीष - नंदू और जसवंत - युक्ति की जोड़ी से पीछे रह गए और शो से बाहर हो गए। रविवार को शो का ग्रांड फिनाले होगा तीन जोड़ियों के बीच, केविन अलमासिफर - मूस जाटना, आशीष भाटिया - नंदिनी और जसवंत बोपन्ना - युक्ति अरोड़ा।

मीका के स्वयंवर में पहुंची हिना खान
मीका सिंह का स्वयंवर, मीका दी वोटी लगातार दर्शकों की उत्सुकता बनाए हुए है। इस हफ्ते जहां मीका सिंह ने अपनी राजकुमारियों को अपने हाथ से नाश्ता बनाकर खिलाया वहीं इन राजकुमारियों ने मीका के लिए रसोई की परीक्षा दी जहां नीत महल की बनाई खीर ने मीका का दिल जीता। इसके बाद शो पर आईं हिना खान, जिन्होंने राजकुमारियों का ग्लैमर, शो पर बाहर निकाला और उनसे फैशन शो करवाया। इस टास्क में हिना और मीका का दिल जीता, प्रांतिका ने।

देबिना - गुरमीत ने दिया फैन्स को सरप्राइज़
टीवी के मशहूर राम और सीता की जोड़ी - गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी ने अपनी बेटी लियाना चौधरी की पहली झलक, अपने फैन्स के साथ शेयर की। उनकी बेटी की झलक देख कर जहां फैन्स बहुत खुश हुए वहीं टीवी के सितारों ने और गुरमीत - देबिना के दोस्तों ने लियाना पर ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद लुटाया।

झलक दिखला जा 10 का जज पैनल
टीवी पर रियलिटी शो खत्म होने का नाम ही नहीं लेते हैं और अब इस लिस्ट में एक और नाम शामिल हो चुका है। झलक दिखला जा अपने 10वें सीज़न के साथ वापसी कर रहा है और इस शो को जज करेंगे करण जौहर और माधुरी दीक्षित। हालांकि, रिपोर्ट्स थीं कि इस शो को जज करने के लिए काजोल को अप्रोच किया गया था लेकिन काजोल ने ये ऑफर ठुकरा दिया।

बिग बॉस ओटीटी होस्ट
बिग बॉस ओटीटी, खतरों के खिलाड़ी खत्म होते ही शुरू होगा और अब शो के होस्ट को लेकर काफी चर्चा चल रही है। माना जा रहा है कि करण जौहर ने इस बार ये ऑफर ठुकरा दिया है और रिपोर्ट्स थीं कि रणवीर सिंह को ये ऑफर दिया गया लेकिन रणवीर इसमें दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। खबरें ये भी थीं कि करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश मिलकर इसे होस्ट करेंगे लेकिन अब माना जा रहा है कि ओटीटी के सीज़न की कमान बिग बॉस की पुरानी होस्ट फराह खान संभालेंगी।

नोरा - नीतू कपूर - टेरेंस की मस्ती
डांस दिवाने जूनियर अब अपने ग्रांड फिनाले की तरफ है। इस शो पर हाल ही में नीतू कपूर और जज मर्ज़ी, प्रेगनेंसी और उससे जुड़े दर्द के बारे में बात करते नज़र आए जब उन्होंने नोरा फतेही को अपनी सेल्फी खींचते देखा। मर्ज़ी एक वीडियो में कहते नज़र आ रहे हैं कि हम प्रेगनेंसी के बारे में चर्चा कर रहे हैं और नोरा को इससे कोई मतलब नहीं है। तभी नोरा मज़ाक में कहते हुए दिखती हैं - क्योंकि मैं प्रेगनेंट नहीं हूं।


Click it and Unblock the Notifications












