TV Recap: मुनव्वर फ़ारूक़ी ने छोड़ा खतरों के खिलाड़ी, मीका के स्वयंवर में दिव्यांका त्रिपाठी, ये हैं नई दयाबेन
टीवी की दुनिया में इस हफ्ते ढेर सारी उथल पुथल मची लेकिन दो सीरियल सबकी ज़ुबान पर रहे। पहला है सब टीवी का तारक मेहता का उल्टा चश्मा और दूसरा है मीका सिंह का स्वयंवर मीका दी वोहटी। मीका दी वोहटी, 19 जून से स्टार भारत और डिज़्नी हॉटस्टार पर शुरू हो रहा है। वहीं तारक मेहता लगातार अपनी कास्ट के आने जाने से परेशान है।
शो के लीड जेठालाल यानि कि दिलीप जोशी ने दयाबेन और तारक मेहता के किरदारों पर बात की। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि शैलेश जल्दी ही शो की शूटिंग पर लौट आएंगे। शैलेश पिछले एक महीने से तारक मेहता की शूटिंग बंद कर चुकी हैं।

बात करें तो मीका की वोहटी की तो ये स्वयंवर का नया सीज़न है जो कि स्टार प्लस पर आज से हर दिन प्रसारित होगा। फैन्स भी काफी उत्साहित हैं ये जानने के लिए कि क्या आखिरकार मीका को अपनी दुल्हनिया मिल पाएगी। फटाफट जानिए इस हफ्ते की सारी खबरें टीवी दुनिया की सितारों की।

मुनव्वर फ़ारूक़ी ने छोड़ा खतरों के खिलाड़ी
खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग साउथ अफ्रीका में चल रही है और माना जा रहा था कि वीज़ा की दिक्कतों की वजह से मुनव्वर फ़ारूक़ी वहां नहीं पहुंच पाए हैं और जल्दी ही पहुंचेंगे। लेकिन मुनव्वर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर खबर दी कि वो इस शो को छोड़ रहे हैं क्योंकि वो कुछ वक्त अकेला रहना चाहते हैं। उनके फैन्स इस बात से काफी निराश हुए। मुनव्वर ने वादा किया कि वो अपने फैन्स को इंटरटेनमेंट देते रहेंगे।

मीका के स्वयंवर में दिव्यांका
मीका का स्वयंवर - मीका दी वोहटी आज से शुरू हो रहा है और इस शो में दिव्यांका त्रिपाठी एक खास भूमिका निभाती नज़र आएंगी। दिव्यांका इस शो में आई प्रतिभागियों को परफेक्ट पत्नी बनने की ट्रेनिंग देंगी। इस शो को होस्ट करेंगे शान। दिव्यांका, आखिरी बार, खतरों के खिलाड़ी के पिछले सीज़न में दिखाई दी थीं और उन्होंने फैन्स का दिल जीत लिया था।

किंजल की विदाई
टीवी शो अनुपमा की प्रिय किरदार किंजल अब शो से विदा लेने जा रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो शो में अनुपमा की बहू किंजल का किरदार निभाने वाली निधि शाह को एक नया शो ऑफर हुआ जहां वो लीड किरदार होंगी। इस शो के लिए निधि शाह, अनुपमा के अपने किरदार किंजल को छोड़ने का मन बना चुकी हैं।

पायल - संग्राम की शादी
पायल रोहतगी और संग्राम सिंह शादी करने जा रहे हैं। ये शादी 9 जुलाई को आगरा के जेपी पैलेस में होगी। पायल और संग्राम, पहली बार आगरा - मथुरा रोड पर मिले थे और इसलिए पायल रोहतगी और संग्राम सिंह ने आगरा में शादी करने का फैसला लिया है। शादी सनातन रीति रिवाज़ से होगी जिसके बाद दिल्ली और मुंबई में रिसेप्शन होगा।

अर्शी खान की झलक
डांस रियलिटी शो झलक दिखला जा के अगले सीज़न की काफी चर्चा हो रही है और रिपोर्ट्स की मानें तो इस डांस शो में भाग लेने जा रही हैं बिग बॉस फेम अर्शी खान। अर्शी खान ने बिग बॉस के दो सीज़न में हिस्सा लिया है। बिग बॉस 11 में वो प्रतिभागी के तौर पर नज़र आई थीं वहीं बिग बॉस 14 में वो चैलेंजर के रोल में नज़र आई थीं।

करणवीर बोहरा पर केस
अभिनेता करणवीर बोहरा पर एक महिला ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। उनका कहना है कि करणवीर, उनकी पत्नी टीजे सहित छह लोगों को उन्होंने 1.99 करोड़ रूपये दिए थे जिसे 25 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस होने की बात कही गई थी। अभी तक पूरे पैसे वापस नहीं दिए गए हैं। महिला का आरोप था कि करणवीर से पैसे के बारे में बात करने पर उन्हें करणवीर ने शूट करने की धमकी दी।

नई दयाबेन
टीवी पर दयाबेन की वापसी होने जा रही है लेकिन तारक मेहता के प्रोड्यूसर असित मोदी ने साफ कर दिया है कि दयाबेन, दिशा वकानी नहीं होंगी। अब रिपोर्ट्स की मानें तो कई एक्टर्स को इस रोल के लिए अप्रोच किया गया है जिनमें से एक हैं हम पांच की स्वीटी यानि कि राखी विजान। राखी को इस रोल के लिए लगभग फाईनल माना जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications











