टीवी की दुनिया खबरें: रूपाली गांगुली ने बांटे संघर्ष के किस्सा, भाबीजी घर पर हैं एक्टर दीपेश भान का निधन
इस हफ्ते में टीवी की दुनिया से बेहद दुखद खबर आई। घर घर में हंसी और ठहाका पहुंचाने वाला सीरियल भाबीजी घर पर हैं सीरियल के अभिनेता दीपेश भान (मलखान) अब नहीं रहे और उनका आकस्मिक निधन हो गया। दीपेश ने आज सुबह अंतिम सांस ली। मलखान की भूमिका में उनको काफी पसंद किया जाता था और उनके होने से सीन में जान आ जाती थी। वो अपनी कॉमेडी के लिए जाने जाते थे। वह सुबह क्रिकेट खेल रहे थे जब वह गिर गए और उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
टीवी की दुनिया के कई स्टार्स ने दीपेश को श्रद्धांजलि दी। दीपेश के निधन से टीवी जगत स्तब्ध रह गया। भाबीजी के को स्टार्स और पूरी टीम ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

टीवी की दुनिया में इस हफ्ते काफी सितारे खबरों में रहें। कोई अपने फिल्म डेब्यू को लेकर तो कोई अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर। वहीं इस हफ्ते टीआरपी में भी बड़ी फेरबदल देखने को मिली। देखिए इस हफ्ते टीवी की दुनिया की सारी बड़ी खबरें।

इंडियन आईडल की वापसी
2004 में शुरू हुए देश के पहले सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आईडल का 13वां सीज़न शुरू होने जा रहा है।अब इंडियन आइडल सीज़न 13 के ऑडिशन अलग-अलग शहरों में पहुंच रहे हैं। जयपुर, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, पटना, कोलकाता, इंदौर और लखनऊ के ऑडिशंस के बाद इस चैनल ने देश के अलग-अलग शहरों में व्यापक रूप से ऑडिशन करने की योजना बनाई है। यह सभी युवा, ऊर्जावान, उत्साही और प्रतिभाशाली गायकों को आमंत्रण देता है कि वे चंडीगढ़, देहरादून और दिल्ली जैसे शहरों में अपने नजदीकी केंद्र पर आएं और ऑडिशन में हिस्सा लें। इंडियन आईडल का पिछला सीज़न पवनदीप राजन ने जीता था।

झलक दिखला जा की वापसी
झलक दिखला जा के इस सीजन में नीति टेलर, निया शर्मा, धीरज धूपर, टीवी की क्वीन हिना खान के साथ भाबीजी घर पर हैं कि अंगूरी भाभी यानी कि शुभांगी अत्रे और अनुपमा फेम पारस कलनावत भी धमाल मचाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। झलक का मंच हो और क्रिकेट ना हो तो भला ऐसे कैसे हो सकता है। हर बार की तरह क्रिकेट की दुनिया के 2 बड़े चेहरे झलक के मंच पर दिखाई देने वाले हैं। करण जौहर, माधुरी दीक्षित और नोरा फतेही इस शो को जज करते हुए दिखाई दे सकते हैं। माना जा रहा है फिल्म में होस्ट की भूमिका में भारती सिंह दिखाई दे सकती हैं।

अनुपमां के संघर्ष
टीवी की अनुपमां, रूपाली गांगुली ने एक इंटरव्यू में अपने संघर्ष के दिनों को याद किया। 'ह्युमन्स ऑफ बॉम्बे' से बात करते हुए रूपाली गांगुली ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया कि, कैसे उनके पिता हमेशा उनका मदद करते थे और पति अश्विन हमेशा उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने ये भी शेयर किया कि कैसे टीनएज के दौरान उनके पिता भी अपने करियर में संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'स्कूल के बाद मैं सेट पर जाती थी और उनके निर्देशन में बन रही फिल्मों के सेट पर हर फ्रेम को देखती थी। इस बीच, हिरोइन कैसे बन गई पता ही नहीं चला। एक बार एक्ट्रेस ने पापा की फिल्म छोड़ दी और उन्होंने मुझे फिल्म में ले लिया, बस तभी 12 साल की उम्र में एक्टिंग का कीड़ा मुझे काट लिया। लेकिन, जल्द ही दो फिल्में पापा की फ्लॉप हुई और सब बदल गया। मैंने बुटीक, कैटरिंग भी की. एक पार्टी में मैं वेटर थी, जिसमें मेरे पापा ही मेहमान थे।'

दिव्यांका और विवेक की छुट्टियां
विवेक दाहिया और दिव्यांका त्रिपाठी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी तस्वीरें भी शेयर करते रहते हैं। इस साल दोनों ने अपनी शादी की छठी सालगिरह मनाई। इस खास मौके को विवेक-दिव्यांका ने शानदार तरीके से सेलिब्रेट किया। दोनों रोमांटिक वेकेशन के लिए मालदीव्स पहुंचे। शादी की सालगिरह को दोनों ने यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दाहिया ने ये तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की।

शहनाज़ गिल की अगली फिल्म
सलमान खान की फिल्म से डेब्यू करने के बाद शहनाज़ गिल परदे पर अनिल कपूर के साथ एंट्री लेंगी। एक रिपोर्ट की मानें तो शहनाज़ गिल ने अपनी अगली फिल्म साईन कर ली है जिसमें अनिल कपूर और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में होंगे। इस फिल्म को डायरेक्ट करेंगे अनिल कपूर के दामाद करण बूलानी और इसे प्रोड्यूस करेंगी अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर। ये फिल्म एक मॉडर्न फैमिली ड्रामा होगी जो आज के रिश्तों में उलझी हुई एक कहानी होगी। फिल्म में शहनाज़ मुख्य भूमिका में ही दिखाई देंगी और उनका दमदार रोल होगा।

टीआरपी रेटिंग
28वें सप्ताह की टीआरपी रेटिंग सामने आ चुकी है और इस बार भी इसमें कई बड़े उलटफेर हुए हैं। 'अनुपमा' ने इस सप्ताह टीआरपी चार्ट में बाजी मार ली है और पहले नंबर पर काबिज है। 'अनुपमा' में लगातार आ रहे दिलचस्प मोड़ की वजह से लोग उसे देख रहे हैं। अनुपमा और अनुज की जिंदगी में अब छोटी अनु आ गई है और यह ट्रैक भी लोगों को पसंद आया है। कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले शो 'नागिन 6' में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 'फना-इश्क में मर जावां' तमाम कोशिशों के बाद भी टॉप 10 में आने में कामयाब नहीं हो पा रही है।


Click it and Unblock the Notifications











