मैं अमिताभ जी के साथ 2 सेकेंड के लिए भी काम करने को तैयार हूं-सोनारिका भदौरिया
सोनारिका भदौरिया आज के समय में टेलीविज की सबसे मशहुर एक्ट्रेस में से एक हैं। पढ़िए उनका एक्सक्लूशिव इंटरव्यू
सोनारिका भदौरिया लाइफ ओके के सीरियल देवों के देव महादेव से पॉपुलर हुई थीं और घर घर में उन्हें नई पहचान मिली थी। फिलहाल तो सोनारिका भदौरिया फिल्मों में आने के लिए तैयार हैं और रजनीश दुग्गल के साथ सासें से बॉलीवुड में एंट्री लेंगी।
सोनारिका भदौरिया से हमारी मुलाकात हुई और हमने कई मुद्दों पर उनसे बात की और उन्होंने भी हर सवाल का बेझिझक होकर जवाब दिया। उनके साथ उनको मिली बिग ब्रेक से लेकर कोई भी एक्ट्रेस उनकी रोल मॉडल क्यों नहीं है पर लंबी बातचीत की।

आप यहां तक के अपने सफर के बारे कुछ बताइए?
मेरा पहला शो लाइफ ओके पर तुम देना साथ मेरा था जिसके बाद मैनें देवो के देव महादेव में किया। महादेव के बाद मैं साउथ की ओर चली गई और वहां तीन फिल्मों में काम किया जिसके बाद मुझे यह फिल्म मिली।
तो ये फिल्म आपकी झोली में कैसे आई?
राजीव सर (राजीव रुइया ) ने मुझे कॉल किया था और कहा कि उन्हें एक अच्छी स्क्रिप्ट मिली है और चाहते हैं कि वो आकर स्क्रिप्ट पढ़ें। मैने सोचा क्यों नहीं। मुझे कहानी भी अच्छी लगी । मैं काफी सरप्राइज भी हुई कि कोई लुक टेस्ट या ऑडिशन तक नहीं लिया गया। उन्होंने बाद में बताया कि इस रोल को उन्होंने मुझे ही ध्यान में रखकर लिखा है।
क्या आप अपने रोल के बारे में बताएंगी?
मैं फिल्म में एक मॉर्डन लड़की के किरदार में हूं जिसकी छोटी बहन भी है जिससे वो बहुत प्यार करती है। इस लड़की का Past उसे हमेशा परेशान करता है। इसमें कहानी ये है कि कैसे रजनीश दुग्गल का कैरेक्टर उसकी लाइफ में आता है और सबकुछ हमेशा के लिए बदल जाता है। इस फिल्म का संदेश है कि लोग भले मर जाते हैं लेकिन उनके इमोशन हमेशा जिंदा रहते हैं।
इस रोल के लिए सबसे बड़ा चैलेंज क्या रहा?
सबसे बड़ा चैलैंज मेरे लिए एक भूत को इमेजिन करना था जो काफी इरिटेटिंग भी था। हॉरर फिल्म करना आसान नहीं होता क्योंकि चिल्लाना और साथ ही दिमाग के हमेशा तैयार रखना पड़ता है।
क्या आपलोगों ने फिल्म की शूटिंग के दौरान कभी कोई पैरानॉर्मल एक्टिविटी को महसूस किया?
हमलोगों ने कभी कुछ ऐसा महसूस नहीं किया जबकि जहां जहां हमलोग शूट कर रहे थे वो सभी Horror place । जहां हम फिल्म का क्लाइमैक्स शूट कर रहे थे वो मॉरिशस का गर्वमेंट ऑफिस था जिसका नाम डेविल था। वहां हमलोग शूटिंग के दौरान कभी कभी रात में अजीबोगरी आवाजें सुनते थे जैसे कोई अपने पैर फ्लोर पर घसीट रहा हो।
क्या आप अपनी निजी जिंदगी में भी भूत को महसूस किया है?
मैं खुद भी निजी जिंदगी में भूतों में यकीन करती हूं क्योंकि हम भूतों की कहानियों को सुनते ही बड़े हुए हैँ। मेरी मां हमेशा मुझे सिखाती थी कि जब तक आप कुछ गलत नहीं करते आपके साथ कुछ गलत नहीं होता।
आप इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहती हैं और आपकी बिकिनी तस्वीरों के कारण काफी हंगामा भी हुआ था खासकर इसलिए क्योंकि आप पार्वती के रोल में थी? ऐसी मामलों को आप कैसे लेती हैं?
अब मैं ऐसे लोगों को सोशल मीडिया पर सीधे ब्लॉक कर देती हूं और कमेंट्स भी डीलीट कर देती हूं। आज तक मुझे खुद समझ नहीं आया है कि ऐसे मामलों से कैसे निपटा जाए। आप ही सोचिए कैसा लगता होगा जब आप अपने बारे में भद्दे कमेंट्स और गालियां पढ़ते हैं। कभी कभी मुझे लगता है ये वो लोग हैं जिन्हें जिंदगी में करने को कुछ भी नहीं है। अगर आपको कोई पसंद नहीं है आप उसे मत फॉलो कीजिए ये सिंपल है। किसी के पेज पर ऐसी गंदी चीजें पोस्ट करने का क्या मतलब जब कोई आपसे राय नहीं पूछ रहा। मुझे ज्यादा अच्छा तब लगेगा जब लोग मेरे काम की बात करेंगे भले मेरा काम उन्हें अच्छा लगे या बुरा क्योंकि मेरा मानना है कि दर्शकों का फीडबैक ही सबसे जरूरी होता है। मुझे कोई प्रॉब्लम नहीं है जब मुझे कोई कहता है कि ये गाना या फिल्म नहीं अच्छी लगी लेकिन मुझे या मेरी फैमिली के बारे में कुछ भी लिख देना या बोल देना कहीं से भी कूल तो नहीं है। पहले मैं ट्रोल होने या निगेटिव कमेंट से काफी दुखी होती थी लेकिन मेरी मां ने कहा कि मुझे उनके स्तर पर जाकर ऐसी बातें नहीं सोचनी चाहिए। अब समय के साथ मैं ऐसे कमेंट्स को इग्नोर करना सीख गई हूं।
आपने देवों के देव महादेव में पावर्ती का किरदार निभाया और अब फिल्मों में आ रही हैं।ज्यादातर जब एक्टर्स धार्मिक किरदारों को निभाते हैं तो उनकी इमेज बंध जाती है। आप कैसे अपनी इमेज तोड़ेंगी?
मुझे पता है कि कब क्या होता है। हाल में बिकिनी में नजर आई, मेरा कोई इरादा नहीं था लेकिन मीडिया ने इसे इतनी तवज्जो दी। पहले भी मैं कई बार महिलाओं की राइट्स और एनिमल वेलफेयर पर लिख चुकी हूं लेकिन तब किसी ने कुछ नहीं लिखा (हंसते हुए) लेकिन बिकिनी की तस्वीरों के बाद पूरा मीडिया ऐसा लगा मेरे डिफेंस में आ खड़ा हो गया जो वाकई अच्छा था।लेकिन जिंदगी में मेरे कपड़ो के अलावा भी बहुत कुछ है।
आप टेलीविजन से बॉलीवुड तक का सफर कैसे बताना चाहेंगी?
ये मेरे लिए खासकर बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। मैनें अपनी जिंदगी में बहुत कुछ सीखा ऐर मेरा मानना की जिंदगी की आखिरी सांस तक हमें कुछ ना कुछ सीखना चाहिए। मैंने भी अपनी जिंदगी में काफी उतार चढ़ाव देखा है और अपनी गलतियों से सीखा है।
आप फिल्मों में कैसे रोल करना पसंद करेंगी?
मुझे हमेशा से ही रोमांटिक फिल्में करना पसंद है। मैं एक रोमांटिक फिल्म करना चाहुंगी जिसमें बहुत सारा ड्रामा हो और अंत में हीरो-हिरोइन मर जाए। मुझे एक्शन फिल्में भी बहुत पसंद है, मैं रॉकी और रैम्बो देखकर बड़ी हुई हूं। कोई ऐसी फिल्म जिसमें हीरोइन सुपरहीरो हो और हीरो की जान बचाती है। सिल्वेस्ट स्टॉलेन मेरे फेवरिट हैं।
आप किनके साथ स्क्रीन शेयर करना चाहेंगी?
अमिताभ बच्चन के साथ दो सेकेंड के लिए भी स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला तो मैं जरूर करूंगी। मुझे बैकग्राउंड में भी रहने का मौका मिले तो मैं कर लूंगी। उनके उपस्थिति में होना ही बहुत बड़ी बात है।
क्या आपने पिंक देखी है?
हां बिल्कुल मैनें देखी है और मुझे फिल्म बहुत पसंद भी आई। मुझे खुशी है कि बॉलीवुड में पिंक जैसी फिल्म बनी।
कौन सी एक्ट्रेस आपको ज्यादा पसंद है और जिनके जैसी आप बनना चाहेंगी?
वैसे इस लिस्ट में किसी भी एक्ट्रेस का नाम नहीं आता।मैं बड़ी होने के दौरान कभी एक्ट्रेस बनना ही नहीं चाहती थी इसलिए मैं कभी किसी के जैसा नहीं बनने की सोच ही नही पाई। मेरे पैरेंट्स मेरे रोल मॉडल हैं क्योंकि मैं आज जो कुछ भी हूं उन्ही की वजह से हूं।
आप अपने आने वाले प्रोजेक्टस् के बारे में कुछ बताएं?
हां मैं कुछ प्रोजेक्ट साइन की हूं लेकिन इसके बारे में ज्यादा कुछ अभी बता नहीं सकती। बस इतना कह सकती हूं कि ये बहुत इंटरेस्टिंग प्रोजेक्ट है।


Click it and Unblock the Notifications