टीवी इंडस्ट्री के इन सितारों के घर इस साल बज सकती है शहनाई

शादियों का मौसम जारी है और सोशल मीडिया पर हर दिन किसी ना किसी की शादी की पोस्ट जरूर दिखायी देती है। खास तौर पर सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की शादी का हैंगओवर अभी तक सोशल मीडिया से सिर से नहीं उतरा है। लेकिन अब जल्द ही टीवी सितारों की शादी का सीजन शुरू होने वाला है। कई टीवी सितारों ने इस साल शादी करने की अनाउंसमेंट कर दी है। हालांकि उन्होंने अभी तक डेट या अपने होने वाले पार्टनर के बारे में कुछ नहीं बताया है। लेकिन ऐसे कई टीवी स्टार्स हैं जिनके घर इस साल शहनाई बजने वाली है। इस लिस्ट में शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के नये मेहता साहब सचिन श्रॉफ से लेकर बिग बॉस 16 के विनर एमसी स्टैन तक शामिल हैं।
आइए नजर डालते हैं, इस साल शादी के बंधन में बंधने वाले स्टार्स की लिस्ट पर :

सचिन श्रॉफ :
इस लिस्ट में पहला नाम सचिन श्रॉफ का है। हाल ही में सचिन श्रॉफ ने अनाउंस किया है कि वह जल्द ही शादी करने वाले हैं। सचिन इन दिनों टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में नये तारक मेहता के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह सचिन की दूसरी शादी होगी। इससे पहले सचिन ने टीवी एक्ट्रेस 'कुमकुम' फेम जूही परमार से पहली शादी की थी लेकिन यह शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पायी। दोनों की एक बेटी है। सचिन ने अपनी होने वाली दुल्हन के बारे में अभी तक कोई जानकारी शेयर नहीं की है।

दिलजीत कौर :
टीवी एक्ट्रेस दिलजीत कौर एनआरआई बिजनेसमैन निखिल पटेल से शादी करने वाली हैं। बताया जाता है कि शादी के बाद वह अपने पति के साथ विदेश में ही शिफ्ट हो जाएंगी। दिलजीत की यह दूसरी शादी होगी। उन्होंने पहली शादी बिग बॉस कंटेस्टेंट शालिन भनोट से की थी लेकिन उनकी शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। हालांकि शालिन और दिलजीत तलाक के बाद भी दोस्त बने हुए हैं और बिग बॉस के घर से बाहर निकलकर दिलजीत के शादी की खबर सुनने के बाद शालिन ने खुशी भी जाहिर की थी।

श्रीजिता डे :
श्रीजिता डे जल्द ही अपने बॉयफ्रेंड मायकल संग शादी करने वाली हैं। इस बात की घोषणा श्रीजिता ने खुद ही की है। श्रीजिता ने बताया कि शादी की रस्में पहले जर्मनी और फिर गोवा में पूरी की जाएंगी। दावा किया जाता है कि मायकल बीपी मूल रूप से जर्मनी का रहने वाला है जो काम के सिलसिले में मुंबई में सेटल हो चुका है। दोनों की सगाई भी हो चुकी है। हालांकि शादी की डेट का ऐलान अभी तक नहीं किया गया है। श्रीजिता दे बिग बॉस 16 की कंटेस्टेंट रह चुकी हैं।

एमसी स्टैन :
बिग बॉस 16 के विनर और रैपर एमसी स्टैन भी इस साल अपनी गर्लफ्रेंड बूबा संग शादी करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एमसी स्टैन इस साल अगस्त में अपनी गर्लफ्रेंड बूबा संग शादी के बंधन में बंधेंगे। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं की गयी है।

तेजस्वी प्रकाश :
बी-टाउन की सबसे हॉट जोड़ियों में से एक तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा इस साल शादी के बंधन में बंध सकते हैं। दोनों पहली बार बिग बॉस 15 में मिले थे जहां दोनों कंटेस्टेंट थे। तेजस्वी प्रकाश ने बिग बॉस 15 का खिताब अपने नाम किया था। आमतौर पर बिग बॉस के घर में बनने वाली जोड़ियां घर के बाहर आने के बाद टूट जाती हैं लेकिन तेजस्वी और करण के साथ ऐसा नहीं हुआ। हाल ही में तेजस्वी ने बेस्ट टीवी एक्ट्रेस का दादासाहेब फाल्के अवार्ड जीता, जिसके बाद करण के पिता ने होने वाली बहू के तारीफों के पूल भी बांध दिये थे। तेजस्वी और करण की शादी की डेट का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है।

सोनारिका भदौरिया :
सोनारिका भदौरिया भी इस साल अपने बॉयफ्रेंड विकास पराशर से शादी करने वाली हैं। पिछले साल ही उनका रोका और सगाई हो चुका है। हालांकि एक्ट्रेस की शादी की डेट अभी तक सामने नहीं आयी है। सोनारिका 'देवो के देव महादेव' में पार्वती का किरदार निभाकर काफी लोकप्रिय हुई थी।


Click it and Unblock the Notifications











