ताहिर राज भसीन और श्वेता त्रिपाठी की अपकमिंग सीरीज 'काली काली आंखें', शूटिंग शुरू
जाने-माने बॉलीवुड एक्टर ताहिर राज भसीन मध्य प्रदेश में अपनी डिजिटल सीरीज ये काली काली आंखें की शूटिंग कर रहे हैं। प्रोडक्शन हाउस की तरफ से ली गई सभी आवश्यक सावधानियों के बीच वास्तविक लोकेशन पर शूटिंग करना उन्हें बहुत पसंद आ रहा है।
ताहिर कहते हैं, "मध्य प्रदेश की धरती रहस्यों से भरपूर है। इस महीने की शुरुआत में, हम ओंकारेश्वर में शूटिंग कर रहे थे, यह एक बेहद खूबसूरत मंदिरों का शहर है जो इंदौर से महज दो घंटे की दूरी पर स्थित है। नर्मदा के निर्मल जल के किनारे सदियों पुरानी गलियां और मंदिर इसको अलौकिक सौंदर्य प्रदान करते हैं। 'ये काली काली आंखें' का सेट इन्हीं जगहों के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है।"

ताहिर बताते हैं कि हमारी क्रू अभी भोपाल में है और रियल लोकेशन पर शूटिंग कर रही है। वह कहते हैं, "इस सप्ताह हमने 200 क्रू मेंबर्स की टीम को भोपाल भेज दिया है क्योंकि अगले हफ्ते हम वहां शूटिंग करेंगे। अब मुझे राजधानी भोपाल में शूटिंग का का बेसब्री से इंतजार है।"
वर्सेटाइल एक्टर कहते हैं, "पिछले साल के अंत तक, ज्यादातर शूट इनडोर स्टूडियो सेटअप तक ही सीमित थे। समृद्ध वास्तुकला की विरासत वाले झीलों के इस खूबसूरत शहर में आउटडोर शूटिंग करना हम सब के लिए खुशी की बात है। इतनी खूबसूरती के बीच काम करते हुए मैं और क्रू मेंबर्स अपना बेस्ट दे सके। चूंकि हम यहाँ शूटिंग कर रहे हैं, इस दौरान और अपनी छुट्टी के दिन मैं शहर को एक्सप्लोर करने को लेकर उत्सुक हूं।"
इस सीरीज में ताहिर, श्वेता त्रिपाठी के अपोजिट दिखेंगे। सीरीज में डाई-हार्ड रोमांटिक व्यक्ति की भूमिका निभा रहे ताहिर मिर्जापुर फेम इस चर्चित अभिनेत्री के साथ अपने रोल को लेकर उत्साहित है।
ताहिर कहते हैं, "श्वेता त्रिपाठी कमाल की एक्टर और आश्चर्यजनक रूप से सच्ची इंसान हैं। अब तक उनके साथ काम करने में मुझे बहुत मज़ा आया। वह अपने हर किरदार को विश्वसनीय बना देती हैं, उसमें जान डाल देती हैं। उनके साथ काम करना गजब का अनुभव रहा है। इस सीरीज में मैं एक डाई-हार्ड रोमांटिक इंसान का किरदार निभा रहा हूँ, जो अपने जीवन में आने वाली लड़की को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उनके बीच की केमिस्ट्री और सस्पेंस से भरपूर कहानी दर्शकों को बाँधकर रखेगी।"


Click it and Unblock the Notifications











