कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर सुनील ग्रोवर की एंट्री, गुत्थी के अवतार में शेयर किया रेड कार्पेट लुक
इस समय कान्स फिल्म फेस्टिवल और वहां शिरकत कर रहे स्टार्स ही चर्चा में हैं। ऐसे में सुनील ग्रोवर ने भी कान्स फिल्म फेस्टिवल से अपना लुक शेयर किया है। दरअसल, सुनील ग्रोवर, चर्चा से दूर रहना हज़म नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में सुनील ग्रोवर ने गुत्थी के अवतार में कान्स फिल्म फेस्टिवल से अपना लुक भी शेयर किया।
भले ही ये तस्वीर नकली हो लेकिन सुनील ग्रोवर के दोस्त और फैन्स उनके इस गुत्थी लुक की तारीफ किए बिना नहीं रह पाए। किसी को उनका मज़ाक करने का ये अंदाज़ पसंद आया तो किसी के हिसाब से ये अब तक का बेस्ट कान्स लुक था।

गौरतलब, गुत्थी, सुनील ग्रोवर का ही एक किरदार है जो उन्होंने कपिल शर्मा के साथ स्टार प्लस के शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल के लिए निभाया था। लेकिन जब ये शो स्टार प्लस से खत्म हुआ तो गुत्थी के किरदार पर भी कॉपीराइट लग गया।

रिंकू और डॉक्टर मशहूर गुलाटी के साथ लौटे
जब गुत्थी पर कॉपीराइट लग गया और सुनील ग्रोवर पर गुत्थी का किरदार वापस ना निभा पाने की पाबंदी लग गई तो वो सोनी टीवी पर द कपिल शर्मा शो में रिंकू भाभी और डॉक्टर मशहूर गुलाटी के किरदार में वापस लौटे। फैन्स सुनील ग्रोवर को हर किरदार में पसंद करते गए। हालांकि, इसके बाद उनके और कपिल शर्मा के बीच ऐसा वाकया हुआ कि दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए।

नशे में धुत कपिल शर्मा की बदमिज़ाज़ी
कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर का झगड़ा एक फ्लाईट के दौरान हुआ जहां कपिल नशे में धुत थे और इस बात पर गुस्सा हो गए कि उनकी टीम उनके बिना खाना कैसे खा रही है। इसके बाद कपिल अपनी टीम पर गालियों की बौछार करने लगे। कपिल को इस तरह फ्लाईट में खुले आम गाली गलौच करते देख सुनील ने उन्हें समझाने की कोशिश की। सुनील कपिल को शांत कराना चाहते थे क्योंकि साथ में कई महिला यात्री भी थीं और कपिल गालियों पर आपना आपा खो चुके थे।

सुनील ग्रोवर से भी की बद्तमीज़ी
रिपोर्ट्स की मानें तो जब कपिल को सुनील समझा रहे थे तो कपिल ने उन्हें कहा कि तू मेरा नौकर है। साथ ही कपिल ने उन्हें जूता फेंक कर मारा और कहा कि ये शो मैं चलाता हूं। (गौरतलब है कि इस झगड़े से पहले, सुनील ने अपनी फीस बढ़ाने की मांग की थी जिसे कपिल ने नहीं माना था और सुनील ने शो छोड़ दिया था और स्टार प्लस पर नया शो लेकर आए थे। लेकिन वो शो नहीं चला तो सुनील कपिल शर्मा शो पर रिंकू भाभी और मशहूर गुलाटी के किरदार में वापस आ गए।)

सबने एक साथ छोड़ा था शो
बाद में कपिल के शो में दरार आई और उनके साथी कलाकार उपासना सिंह (बुआ) और अली असगर (दादी) ने शो छोड़ दिया। चंदन ने भी कुछ समय के लिए शो छोड़ा लेकिन फिर कपिल के मनाने पर वो वापस आ गए। इसके बाद लोगों ने सुनील से भी काफी गुज़ारिश की लेकिन सुनील पुरानी बातें नहीं भूले। कपिल ने सुनील से माफी भी मांगी। सुनील ने उन्हें जीवन में हमेशा तरक्की करने की शुभकामनाएं दीं और अपने रास्ते अलग कर लिए।

सलमान खान ने की थी कोशिश
सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा के साथ आने की बातें अकसर होती हैं। जब सलमान खान ने कपिल का शो प्रोड्यूस किया तब भी कपिल और सुनील को साथ लाने की कोशिश की गई लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान भी दोनों को कई बार साथ लाने की कोशिश कर चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications











