Sumbul Touqeer: डार्क स्किन के लिए एक्ट्रेस ने सहन किए थे ताने, फिर ऐसे दिया जवाब

Sumbul Touqeer: बिग बॉस 16 फेम सुंबुल तौकीर ने कम उम्र में ही मनोरंजन जगत में काफी नाम कमाया है। कई सारे सीरियल और कई सारे शो करने के बाद इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली सुंबुल तौकीर के लिए यह सफर आसान नहीं था, इसको लेकर खुद सुंबुल ने बात की हैं।
'इमली' फेम एक्ट्रेस जिन्हें बचपन में अपनी स्किन कलर के लिए रिजेक्शन का सामना करना पड़ा था, आज वह टेलीविजन इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं।
सुंबुल ने अपनी डार्क स्किन के बारे में बात करते हुए कहा, ''जब मैं मुंबई आई तो मेरी दिलचस्पी अभिनेत्री बनने की ओर कभी नहीं थी। मेरा ध्यान डांसर बनने पर था, लेकिन मेरा दिल बदल गया था। मेरे शुरूआती दिन बहुत कठिन थे। मैंने एक बाल कलाकार के रूप में शुरुआत की थी और जब भी मैं ऑडिशन के लिए जाती थी, तो वे केवल गोरी चमड़ी वाली एक्ट्रेसेस चाहते थे। यह बहुत ही निंदनीय और अपमानजनक था।''
उन्होंने आगे कहा, ''यह कुछ ऐसा था, जिसे मैंने कभी सराहा नहीं और न ही पसंद किया। मेरे लिए रंग मायने नहीं रखता। मुझे लगने लगा था कि अगर आप सांवली हैं, तो आप लीड हीरोइन नहीं बन सकतीं। अगर देखा जाए, तो सभी हीरोइनें ज्यादातर गोरी थीं। मुझे किसी के खिलाफ कुछ भी नहीं बोलना है, लेकिन मैं यही मानने लगी थी। हालांकि, यह स्टीरियोटाइप तब टूटा, जब 'इमली' में मुझे चुना गया।''
सुंबुल ने इंटरव्यू में आगे कहा, ''जब मैंने 'इमली' शुरू किया, तो चीजें तुरंत नहीं बदलीं। लोग फोन करते थे और कहते थे 'अरे कैसी लड़की को कास्ट कर लिया, काली है।' उस दिन मुझे बहुत बुरा लगा था और मैं बहुत रोई भी थी, लेकिन टेलीकास्ट के बाद चीजें बदलने लगीं। लोग भूल गए कि मैं कैसी दिखती हूं, उन्होंने बस मेरे काम पर ध्यान दिया। जो लोग मुझे नापसंद करते थे, वे भी मेरी तारीफ करने लगे।''
सुंबुल ने कहा, ''हां, मैं एक बच्चे के रूप में इन कमेंट्स से प्रभावित हुई हूं। मेरी बहन इन कमेंट्स से कभी प्रभावित नहीं हुई, क्योंकि वह गोरी चमड़ी वाली है। बच्चे इन छोटी-छोटी बातों से प्रभावित हो जाते हैं, कहेंगे नहीं लेकिन इन कमेंट्स का असर उन पर जरूर पड़ता है। हमारे समाज में भी ऐसा होता है कि हम खेल-खेल में चेहरे के रंग पर कमेंट कर देते हैं और वह बच्चे के साथ रह जाता है और उसे चोट लग जाती है। यह मेरे साथ रहा और मैं इसे बयां नहीं कर सकी।''
मीडिया से बातचीत में सुंबुल ने 19 साल की उम्र में घर खरीदने के बारे में बात की। अपने सपनों के घर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ''मैं बहुत खुश हूं और यह सिर्फ मेरी ही उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह मेरी बहन और मेरे पिता की भी उपलब्धि है। यह घर जहां मैं अभी बैठी हूं, वह मेरे पिता, मेरी बहन और मेरी पिछले 9 सालों में की गई मेहनत है। यह लगन का परिणाम है। यह मेरे सपनों में से एक है और मुझे खुशी है कि हम इसे पूरा कर पाए।''
खैर आज के वक्त में सुंबुल तौकीर मनोरंजन जगत का एक जाना माना नाम है, बिग बॉस 16 के बाद वह लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। अपने काम के अलावा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खबरों में रहती हैं।


Click it and Unblock the Notifications












