Shark Tank में दिखा हैरान कर देने वाला पल, 13 साल का बच्चा बदल सकता है हेल्थकेयर का भविष्य? शार्क्स रह गए दंग
Jaiwardhan Tyagi Shark Tank: बिजनेस से जुड़ा रिएलिटी शो Shark Tank India 5 एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। शो के एक बेहद यादगार एपिसोड में गाजियाबाद के 13 साल के जयवर्धन त्यागी ने सभी को चौंका दिया। इतनी कम उम्र में वह अपनी पहली टेक्नोलॉजी Neurapex AI लेकर शो में पहुंचे, जो एक AI आधारित मेडिकल असिस्टेंट प्लेटफॉर्म है।

इसका मकसद डॉक्टरों को बीमारी की पहचान करने में तेज और सही जानकारी देना है, खासकर न्यूरोलॉजी और त्वचा से जुड़ी समस्याओं में।
Neurapex AI क्या है?
Neurapex AI डॉक्टरों को मरीजों की शुरुआती जांच में मदद करता है, जिससे वे कम समय में बेहतर निर्णय ले सकें। यह हेल्थकेयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का एक नया और स्मार्ट कॉम्बिनेशन है। जयवर्धन की सोच और समझ उनकी उम्र से कहीं आगे दिखाई देती है।
जयवर्धन की सोच
जयवर्धन का मानना है कि 'किसी की उम्र उसकी काबिलियत तय नहीं करती। Neurapex AI को मैंने इसलिए बनाया है ताकि टेक्नोलॉजी के जरिए डॉक्टरों को सही और जल्दी डायग्नोसिस करने में मदद मिल सके, क्योंकि सही इलाज कई जिंदगियों को बेहतर बना सकता है।'
शार्क्स हुए इंप्रेस
जयवर्धन की बातों और उनके आइडिया से शार्क्स काफी इम्प्रेस हुए। अमन गुप्ता ने उन्हें आज के समय का जीनियस और चाइल्ड प्रोडिजी बताया। शो में भावुक पल तब आया जब जयवर्धन के पिता को स्टेज पर बुलाया गया और शार्क्स ने उनके संस्कार और परवरिश की खुलकर तारीफ की।
डील में क्या चाहते हैं?
जयवर्धन ने 60 लाख रुपये के बदले 5% इक्विटी की मांग रखी। उन्होंने बताया कि उनके लिए सिर्फ पैसा अहम नहीं है, बल्कि सही मेंटॉरशिप और गाइडेंस ज्यादा जरूरी है, ताकि वह Neurapex AI को जिम्मेदारी से आगे बढ़ा सकें और हेल्थकेयर में पॉजिटिव बदलाव ला सकें।
जयवर्धन त्यागी का यह पिच साफ दिखाता है कि आने वाला वक्त नए आइडियाज और युवा इनोवेटर्स का है, और भविष्य की शुरुआत आज से ही हो चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications











