पवित्र रिश्ता 2: सुशांत सिंह राजपूत, हितेन तेजवानी के बाद अब मानव बनेंगे ये एक्टर
ज़ी टीवी का सुपरहिट सीरियल पवित्र रिश्ता अपने सीज़न 2 के साथ लौट रहा है और अब सीरियल में मानव का किरदार निभाते दिखेंगे अभिनेता शाहीर शेख। गौरतलब है कि पवित्र रिश्ता की शुरूआत साल साल 2009 में हुई थी और सीरियल में अंकिता लोखंडे और सुशांत सिंह राजपूत मुख्य किरदार - अर्चना और मानव की जोड़ी के तौर पर दिखाई देते थे।
ये सीरियल 5 सालों तक चला था और टीआरपी पर सबसे ऊपर रहता था। हालांकि, शुरू के तीन साल बाद सुशांत ने ये सीरियल छोड़ दिया था और बाद में हितेन तेजवानी ने उन्हें रिप्लेस कर दिया था।

लेकिन आज भी मानव का किरदार सुशांत सिंह राजपूत के नाम से ही जाना जाता है। सुशांत ने इस किरदार पर अपनी ऐसी छाप छोड़ी थी। अब सुशांत की छाप लगने के बाद इस किरदार को निभाने जा रहे हैं शाहीर शेख जो टीवी का जाना माना चेहरा है।
पवित्र रिश्ता 2014 में खत्म हुआ था। और अब सात सालों बाद अंकिता लोखंडे अर्चना के किरदार से वापसी करने जा रही हैं। इस सीरियल में सुशांत की कास्टिंग की कहानी भी बेहद दिलचस्प है।

बहुत मुश्किल से हुई थी कास्टिंग
जब पवित्र रिश्ता में सुशांत सिंह राजपूत की मानव के तौर पर कास्टिंग हुई तो ज़ी नेटवर्क एकता कपूर के इस फैसले से खुश नहीं था। वो नहीं चाहते थे कि सुशांत इस सीरियल में मुख्य भूमिका निभाएं।

किस देस में है मेरा दिल से शुरूआत
दरअसल, ज़ी नेटवर्क पवित्र रिश्ता के लिए एक नए चेहरे की तलाश में था। जबकि, सुशांत, टीवी पर अपनी पारी शुरू कर चुके थे। वो एकता कपूर के सीरियल किस देस में है मेरा दिल में मेहर विज के अपोज़िट दिखाई देते थे। ये सीरियल स्टार प्लस पर प्रसारित होता था।

सेकंड लीड से दिक्कत
ज़ी नेटवर्क को दिक्कत ये नहीं थी कि सुशांत एक फ्रेश चेहरा नहीं हैं। बल्कि उनकी दिक्कत ये थी कि सुशांत पहले ही उस सीरियल में सेकंड लीड निभा रहे थे। किस देस में है मेरा दिल में हर्षद चोपड़ा मुख्य भूमिका में थे।

एकता के पास था एक ही मौका
एकता कपूर के पास भी पवित्र रिश्ता आखिरी मौका था। उनके कई सीरियल उस वक्त टीआरपी की लिस्ट से भी बाहर थे। इसलिए पवित्र रिश्ता के साथ वो कोई रिस्क नहीं लेना चाहती थीं। लेकिन फिर भी उन्होंने ज़ी नेटवर्क के खिलाफ जाकर सुशांत को कास्ट करने का चांस लिया।

मानव की भोली सी मुस्कान
एकता का मानना था कि मानव का किरदार बेहद सादा है और सुशांत भी उतने ही मासूम हैं। जब वो स्क्रीन पर अपनी मुस्कुराहट का जादू बिखेरेंगे तो हर कोई भूल जाएगा कि ये चेहरा उन्होंने कहीं और भी देखा है।

रातों रात बने स्टार
और हुआ भी कुछ ऐसा ही। जब सुशांत सिंह राजपूत, मानव के किरदार में दिखाई दिए तो इस सीरियल ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। सुशांत और अंकिता की जोड़ी को बेहद पसंद किया गया और सुशांत इस सीरियल के साथ रातों रात स्टार बन गए।

करने लगे जी तोड़ मेेहनत
रातों रात मिली स्टारडम को सहेज कर रखने के लिए सुशांत ने जी तोड़ मेहनत की। चूंकि वो शो के मुख्य किरदार थे इसलिए कभी कभी वो सेट पर ही सो जाते थे और 3 - 4 घंटे की शूटिंग के बाद वापस रिहर्सल शुरू कर देते थे।

सपने करने थे पूरे
पर कुछ सालों बाद सुशांत को शो में क्रिएटिविटी दिखना बंद हो गई और उन्होंने अपने फिल्मी सफर को शुरू करने के लिए टीवी छोड़ दिया। उन्हें ब्रेक दिया एकता कपूर के भाई अभिषेक कपूर ने अपनी फिल्म काई पो छे में। वहीं टीवी पर सुशांत को हितेन तेजवानी ने रिप्लेस किया। और अब मानव का किरदार शाहीर शेख निभाने जा रहे हैं।

नव्या से जीता था दिल
बात करें शाहीर की तो उन्होंने टीवी पर नव्या के साथ अपने सफल करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद वो सोनी टीवी के कुछ रंग प्यार के ऐसे भी में एरिका फर्नांडीज़ के साथ रोमांस करते दिखाई दिए और दर्शकों ने उन्हें सर आंखों पर बैठा लिया।

इंटरनेशनल फैन फॉलोइंग
शाहीर शेख ने स्टार प्लस की महाभारत में अर्जुन के किरदार के साथ अपने करियर को इंटरनेशनल स्तर पर पहुंचाया। विदेश में भी उनके हज़ारों फैन्स हैं। अब देखना है कि मानव की भूमिका में वो कैसे खुद को ढाल पाते हैं और सुशांत। से होने वाली तुलना से कैसे खुद को अलग कर इस किरदार को एक नई पहचान देते हैं।


Click it and Unblock the Notifications












