संभावना सेठ ने कहा डॉक्टर ने पिता को मार डाला, शेयर किया वीडियो - ऑक्सीजन के लिए तड़पते रहे
एक्ट्रेस और रियलिटी टीवी स्टार संभावना सेठ ने हाल ही में अपने पिता को कोरोना से खोया है। लेकिन अब संभावना ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि अस्पताल ने उनके पिता को बिना ईलाज और लापरवाही के मार डाला।
ये वीडियो संभावना के पिता के निधन से दो घंटे पहले का है। संभावना इस वीडियो में परेशान और रोती हुई नज़र आ रही हैं। वो गुस्से में एक नर्स पर भड़क रही हैं जिसने उनके पिता को देखने से मना कर दिया। जबकि उनके पिता का Spo2 लेवेल 55 पर पहुंच चुका है।

इसके बाद संभावना ने वीडियो में अपने पिता की हालत भी दिखाई। संभावना से अस्पताल प्रशासन के कुछ लोग आकर अधिकारियों से बात करने को कहते हैं। लेकिन संभावना अपने पिता को छोड़कर कहीं भी जाने से मना कर देती हैं।
संभावना बाकी लोगों से उस नर्स का नाम पूछती हैं जिसने उनके पिता को अटेंड करने से मना किया लेकिन कोई भी उन्हें नर्स का नाम नहीं बताता है।

मेरे पिता को मार डाला
संभावना सेठ ने अपने पोस्ट में लिखा, "उन्होंने मेरे पिता को मार डाला। जैसा कि कहते हैं कि दुनिया केवल अच्छाई और बुराई के बीच नहीं बंटी होती है वैसे ही हर डॉक्टर भगवान के जैसा नहीं हो सकता है। यहां भी कुछ शैतान है जो सफेद कोट पहन कर हमारे अपनों को लगातार मौत दे रहे हैं।"

सबसे बड़ा डर सच हो गया
संभावना ने आगे लिखा, "इस वीडियो को रिकॉर्ड करने के दो घंटे बाद ही मेरे पिता का निधन हो गया। या फिर मैं कहूं कि उन्हें मार दिया गया। अपने पिता को खोना मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा डर था जो मैंने झेला है।"

बड़ी मछलियों से लड़ाई
संभावाना ने अब प्रण लेते हुए कहा है - "अब मैं बिना डरे सच के लिए लड़ूंगी। ये मेरे पिता ने मुझे सारी ज़िंदगी सिखाया है। मैं इन बड़ी मछलियों को हरा पाऊं या नहीं हरा पाऊं लेकिन मैं इन सबका असली चेहरा ज़रूर आपके सामने लाऊंगी और इनके नक़ाब निकाल के फेंकूंगी।"

लोगों को किया आगाह
संभावना ने अपना दुख ज़ाहिर करते हुए बताया, "मैं बस इंतज़ार कर रही थी कि मेरे पिता के अंतिम संस्कार की सारी विधियां पूरी हो जाएं। अब मुझे इस लड़ाई में आपका साथ चाहिए। मैं जानती हूं इस समय जो भी अस्पताल में है वो बहुत बुरा समय झेल रहा है।"

पकड़ी कानूनी राह
संभावना ने खेद जताते हुए लिखा, "बहुत लोग ऐसे होंगे जो इस तरह की अस्पताल और डॉक्टर्स की लापरवाही झेल रहे होंगे लेकिन किसी कारण से बस लड़ नहीं पाए। हम सब इस लड़ाई में साथ आएंगे। मैंने कानूनी लड़ाई की शुरूआत कर दी है और मेरे वकील अब इस केस को आगे लेकर जाएंगे।"

मनोज तिवारी से मिली मदद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले संभावना सेठ ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के लिए एक बेड की मदद मांगी थी। बाद में साथी भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी ने उनके लिए बेड अरेंज किया था। अपने पिता की मौत के बाद संभावना ने एक पोस्ट लिखकर कहा - हम उन्हें बचा सकते थे। उनकी मौत केवल कोरोना से नहीं हुई है।
हालांकि आप ये पूरा वीडियो यहां देख सकते हैं लेकिन ये वीडियो देखने से पहले आपको अपना दिल बहुत मज़बूत करना पड़ेगा।


Click it and Unblock the Notifications











