सलमान खान ने किया शमिता शेट्टी को शर्मिंदा, नेशनल टीवी पर उड़ाया राज कुंद्रा का मज़ाक
बिग बॉस 15 का पहला वीकेंड का वार भी इस सीज़न के प्रतिभागियों की तरह था - ठंडा। शायद यही वजह थी कि इस एपिसोड को थोड़ा मजे़दार बनाने के लिए शायद सलमान खान को भी लाईन क्रॉस करनी पड़ गई। दरअसल, सलमान खान अक्सर प्रतिभागियों को सीख देते रहते हैं कि घर के अंदर बाहर की दुनिया की बात ना करें।
लेकिन सलमान खुद ये सीख भूल गए। वीकेंड का वार के एपिसोड में शनिवार को सलमान खान करण कुंद्रा को कुछ समझाते दिख रहे थे। इस दौरान सलमान ने चुटकी लेते हुए कहा - करण कुंद्रा भी समझ गया और राज कुंद्रा भी समझ गया।

अपने जीजू राज कुंद्रा का नाम सुनते ही शमिता शेट्टी के चेहरे का रंग ही उड़ गया। चूंकि, सामने सलमान खान थे इसलिए शमिता शेट्टी कुछ नहीं बोल पाईं और उन्होंने भी इस बात को मज़ाक में जाने का दिया। शमिता शेट्टी इस साल तीसरी बार बिग बॉस में हिस्सा ले रही हैं। घर में आने का उनका फैसला बहुत ही मुश्किल था।
पिछली बार जब शमिता शेट्टी शो पर आई थीं तो उन्हें बीच में ही शो छोड़ना पड़ा था शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की शादी के कारण।

राज कुंद्रा की वजह से बिग बॉस में आईं
शमिता शेट्टी ने बिग बॉस के ही एक एपिसोड में बताया कि उनका बिग बॉस में आने का कारण ही राज कुंद्रा हैं। शमिता ने बताया कि राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद वो मीडिया और सोशल मीडिया में उड़ रही बातों और अफवाहों से काफी परेशान थीं। ये सारी बातें उन्हें प्रभावित कर रही थीं। ऐसे में शमिता ने बिग बॉस के घर में जाने का फैसला ले लिया। वैसे भी शमिता पहले ही बिग बॉस के घर में जाने का कमिटमेंट कर चुकी थीं।

बिग बॉस ओटीटी में रहती थीं परेशान
बिग बॉस ओटीटी में भी शमिता ने बताया था कि वो बहुत ही दुविधा में थीं कि इस घर में आएं या ना आएं। लेकिन फिर उन्होंने सब ऊपरवाले पर छोड़ दिया और घर आने का फैसला किया। इस दौरान, बिग बॉस ओटीटी में जो भी मेहमान आए शमिता उनसे अपने घर का हालचाल पूछती दिखीं। घर में शमिता की मां पहुंची तब भी शमिता ने उनसे जीजू का हाल चाल पूछा।

शिल्पा शेट्टी ने बढ़ाया है हौसला
घर में शिल्पा शेट्टी ने शमिता शेट्टी का हौसला बढ़ाया है। ओटीटी के घर में भी शिल्पा शेट्टी ने शमिता का हौसला बढ़ाते हुए कहा था - बिग बॉस हमारी ज़िंदगी में किसी ना किसी तरह से आ ही जाता है। गौरतलब है कि शिल्पा शेट्टी ने भी अंग्रेज़ी शो बिग ब्रदर में हिस्सा लिया था और उन्होंने वो शो जीता था। इसके बाद ही भारत में बिग बॉस की शुरूआत हुई थी जिसका एक सीज़न खुद शिल्पा शेट्टी ने ही होस्ट किया था।

घर में किया गया उम्र को लेकर शर्मिंदा
बिग बॉस के घर में करण कुंद्रा ने शमिता शेट्टी की उम्र का मज़ाक उड़ाया। बिग बॉस ओटीटी के घर में भी अक्षरा सिंह ने शमिता शेट्टी की उम्र का मज़ाक उड़ाते हुए बताया था कि उनका मां और शमिता की उम्र एक ही है। इसके बाद फैन्स ने सोशल मीडिया पर शमिता का साथ दिया था। करण कुंद्रा ने जब शमिता की उम्र पर ताना मारा तो घर के बाहर शमिता की मां ने अपनी बेटी के लिए स्टैंड लिया और उम्मीद की थी कि सलमान खान इस मुद्दे को उठाएंगे।

उड़ती रही है अफवाहें
गौरतलब है कि पॉर्न फिल्म केस में राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद शमिता शेट्टी को लेकर भी कुछ अफवाहें उड़ी थीं। जहां राज कुंद्रा पर पॉर्न फिल्में बनाने और बेचने का आरोप था वहीं उनके वीडियो में अक्सर दिखाई देने वाली गहना वशिष्ठ का कहना था कि ये सारी इरॉटिक फिल्में थीं पॉर्न नहीं। राज कुंद्रा खुद इनमें से एक फिल्म के साथ शमिता शेट्टी को लॉन्च करने वाले थे।


Click it and Unblock the Notifications