बिग बॉस 15: रॉनित रॉय और अविका गौर को किया गया शो के लिए अप्रोच, सालों से मिल रहा ऑफर
बिग बॉस ओटीटी के खत्म होते ही अब बिग बॉस 15 पर बात होना शुरू हो चुकी है। 2 अक्टूबर को शुरू हो रहे इस शो के लिए कई नाम चर्चा में हैं। रोज़ एक नया नाम इस लिस्ट में जुड़ता है और एक नया सितारा शो में भाग लेने की खबर का खंडन करता है। अब बिग बॉस 15 के लिए अप्रोच किए गए दो नए नाम हैं - रॉनित रॉय और अविका गौर।
रॉनित और अविका, दोनों ही टीवी इंडस्ट्री के टॉप चेहरे। रॉनित ने टीवी पर अपनी पारी शुरू की थी एकता कपूर के सीरियल क्योंकि सास भी कभी बहू थी में मिहिर वीरानी के किरदार के साथ। वहीं अविका गौर टीवी की बालिका वधू बनकर रातों रात स्टार बन गई थी।

रॉनित रॉय ने यूं तो अपने करियर की शुरूआत बहुत कम उम्र में फिल्मों के साथ की थी लेकिन उन्हें पहचान मिली अपने करियर की दूसरी पारी के साथ। टीवी पर हिट होते ही रॉनित ने एक बार फिर सपोर्टिंग किरदारों में ही सही लेकिन फिल्मों का हाथ थामा और इस बार सफलता का स्वाद भी चखा।
बात करें अविका गौर की तो बालिका वधू के बाद वो ससुराल सिमर का में रोली के किरदार में दीपिका कक्कड़ की छोटी बहन के रूप में नज़र आई थीं। इसके बाद उन्होंने टीवी से साउथ की फिल्मों का रूख कर लिया।


Click it and Unblock the Notifications











