लवस्टोरी का निर्देशन करना चाहते हैं रोहित रॉय
फिल्म 'दस कहानियां' में से एक कहानी का निर्देशन कर चुके टीवी अभिनेता रोहित रॉय जल्द ही एक प्रेम कहानी का निर्देशन करने की इच्छा प्रकट की है। रॉय ने कहा कि यह फिल्म एक दुखद प्रेम कहानी होगी।
उन्होंने आईएएनएस से एक समूह साक्षात्कार में कहा, "मैं एक प्रेम कहानी बनाऊंगा, इसके लिए मैं दिमाग में एक शैली को तय भी कर चुका हूं। मुझे कोई भी इस राह से डिगा नहीं पाएगा..यह एक दुखद प्रेम कहानी होगी।"

टीवी कार्यक्रम जैसे 'देश में निकला होगा चांद' और 'स्वाभिमान' में अभिनय कर चुके 44 वर्षीय रोहित ने कहा कि चूंकि वह मानवीय संवेदनाओं में यकीन रखते हैं, इसलिए एक प्रेम कहानी बनाना चाहते हैं।
रोहित ने कहा कि उनकी फिल्म 'शौकीन' के रीमेक का निर्देशन करने की भी योजना थी लेकिन फिल्म अधिकारों पर निर्देशक बासु चटर्जी से कुछ भ्रांति होने के चलते योजना ठंडे बस्ते में चली गई।
यह अभिनेता अभी रियलिटी शो 'बैचलरेट इंडिया-मेरे ख्यालों की मलिका' की मेजबानी करते दिखेंगे। यह 7 अक्टूबर से चैनल लाइफ ओके पर प्रसारित होगा।


Click it and Unblock the Notifications











