Unlock Review: अनलॉक : द हॉन्टेड एप'में जो फंस गया वो मर गया, फिर छा गईं हिना खान
वेब सीरीज- अनलॉक : द हॉन्टेड एप ( हाॅरर, थ्रिलर)
कलाकार- हिना खान, कुशाल टंडन
कहां देखें- ZEE5
दो साल पहले ब्लू वेल गेम से दुनिया में तकरीबन 250 लोगों की जान चली गई। इस गेम के आखिरी में प्लेयर को खुदकुशी करने के लिए कहा जाता है। रिपोर्ट अनुसार कई सारे टास्क में ये गेम पूरा होता है जहां पर एडिमन ये बताता है कि उसे हर टास्क में क्या करना होता है। गेम छोड़ने पर धमकी भी मिलती है। अंत में मौत। जी5 की नई सीरीज को देखने के 10 मिनट के भीतर इसकी याद जरूर आती है। हालांकि ये उससे बिल्कुल भिन्न है।
हिना खान, कुशाल टंडन की ये 58 मिनट की ये फिल्म एप की खतरनाक दुनिया से अवगत कराती है। ये कहानी है अमर और सुहानी की। सुहानी अमर से प्यार करती है। अमर सुहानी की दोस्त के साथ रिलेशनशिप में है। डिजिटल और एप की मदद से सुहानी ये जानने की कोशिश में रहती है कि आखिर अमर की लव लाइफ में क्या चल रहा है।

इसके लिए वह खुफिया कैमरा का सहारा लेती है। इसी दौरान वह फंस जाती है अनलॅाक की दुनिया में। जहां पर अमर को पाने की ख्वाहिश में उसे तीन टास्क दिए जाते हैं। इसी पर पिरोई गई है अनलॅाक की कहानी। हॅारर और थ्रिलर से लकदक इस कहानी को पूरी तरह से हिना खान ने अपने कंधे पर उठाए रखा है। कुशाल टंडन अपने किरदार में ठीक दिखे हैं।
इस सीरीज की सबसे बड़ी खूबी ये है कि इसे तानने की कवायद नहीं की गई है। हॅारर- थ्रिलर में बांधते हुए इसे टू द पाइंट रखा गया है। हिना खान अपने भाव से कहानी की ऊपरी सतह पर दिखाई देती है। गिनती के डायलॅाग के बीच हिना खान सुहानी की भूमिका में रहस्य और डर को बरकरार रखती हैं। इस सीरीज का प्लॅाट सामान्य है।
सीरीज की शुरूआत के 10 मिनट में आपके भीतर ये जानने की उत्सुकता जरूर आती है कि कौन है इस अनलॅाक की डरावनी काली परछाई का मालिक। अंत आपको निराश करता है। डराने की कोशिश करने में निर्देशक देबतमा मंडल की खूबी ये रही है कि बैकग्राउंड स्कोर का सही इस्तेमाल कहानी को अंत तक समेटने में कामयाब रहा है। ये कहने में कोई गुरेज नहीं है कि हिना खान इस सपाट स्क्रीनप्ले में अंत तक दर्शकों को आसानी से ले जाती हैं। वह इस कहानी की स्टार दिखी हैं।
क्यों देखें- अगर गेमिंग एप की दुनिया में आपकी दिलचस्पी है तो आप ये सीरीज देख सकते हैं। 1 घंटे से कम के भीतर बिना किसी खींचतान के साथ ये सीरीज आपको ऊबने नहीं देती है।


Click it and Unblock the Notifications
