कॉफी विद करण का अगला मेहमान होगा ये बड़ा सिंगर
कॉफी विद करण के अगले गेस्ट रैपर बादशाह हो सकते हैं। करण ने उन्हें अपने शो में शामिल होने का न्योता दिया है।
करण जौहर के साथ कॉफी का मजा लेना अब टीवी पर और भी ज्यादा मजेदार होने वाला है। बैक टू बैक कॉफी विद करण के इस सीजन को दिलचस्प बनाने के लिए कई सुपर स्टार इस शो का हिस्सा बने।
अब खबर है कि रैपर बादशाह करण के शो कॉफी विद करण 5 के नए मेहमान हो सकते हैं। बादशाह ने करण की कई फिल्मों में गाने गाए हैं। बद्रीनाथ की दुल्हनिया में भी रैपर बादशाह ने अपने स्पेशल टच का तड़का दिया है।

वैसे यह और बात है कि करण की कॉफी अक्सर उन चेहरों से भरी हुई होती है, जो उनके बेहद करीबी होते हैं। आप उनके किसी भी सीजन के एपिसोड देखें, हर बार वहीं सेलिब्रिटी आपको दिखाई देंगे, जो करण के बेस्ट फ्रेंड की फेहरिस्त में शामिल हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों करण जौहर और बादशाह सिंगिंग रियलिटी शो दिल है हिंदुस्तानी को एक साथ जज कर रहे हैं। इस शो में दोनों का आपसी तालमेल देखते ही बनता है।
फिल्म इंडस्ट्री में अपने इस नए दोस्त को करण जौहर अपने शो में आने का न्योता ना दें, ऐसा कभी नहीं हो सकता। वैसे आपको बता दें कि करण के शो में दो सेलिब्रिटी एक साथ एक एपिसोड के मेहमान होते हैं। बादशाह के साथ भी किसी दूसरे सेलिब्रिटी गेस्ट के इस शो में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुछ दिनों पहले ही करण जौहर ने बादशाह को अपने शो में आने का ऑफर दिया था। ऐसा माना जा रहा है कि बादशाह ने इसके लिए हामी भर दी है।
बहरहाल, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रैपर बादशाह म्यूजिक इंडस्ट्री के पर्दे के पीछे की कौन सी सच्चाई को बेपर्दा करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











